Tihar Gang War : दिल्ली के पुलिस आयुक्त ने गैंगवार रोकने के दिए सख्त आदेश, गृह मंत्रालय से आया यह निर्देश
दिल्ली पुलिस आयुक्त्त संजय अरोड़ा ने दिल्ली में गैंगवार को रोकने के लिए अपराध शाखा व स्पेशल सेल को सख्त आदेश दिए हैं।
विस्तार
गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या के बाद दिल्ली पुलिस समेत देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त्त संजय अरोड़ा ने दिल्ली में गैंगवार को रोकने के लिए अपराध शाखा व स्पेशल सेल को सख्त आदेश दिए हैं।
वहीं, अब सवाल ये खड़ा हो गया है कि टिल्लू की हत्या के बाद गिरोह की कमान कौन संभालेगा। इसके लिए गिरोह के बदमाश गैंगवार या किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि टिल्लू का प्रमुख इनामी शूटर दीपक पाकसमा या विदेश में बैठा हिमांशु उर्फ बाहु रिटोलया गिरोह की कमान सकता है। एजेंसियां ये भी देख रही हैं कि टिल्लू के खास रहे पश्चिमी यूपी के गैंगस्टर सुनील राठी व नवीन बाली गिरोह की कमान किसे सौंपते हैं।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रोहिणी कोर्ट में जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद दीपक बॉक्सर व रोहित मोई ने मुरथल में टिल्लू गिरोह के दो बदमाशों की हत्या कर दी थी। इससे सुरक्षा एजेंसियों को ये पता लग गया था कि दीपक बॉक्सर ने गिरोह की कमान संभाल ली है। दीपक को तिहाड़ में बंद गिरोह का बदमाश दिनेश कराला निर्देश देता था। अब टिल्लू की हत्या के बाद अब फिर वही स्थिति आ गई है। ऐसे में गिरोह की सक्रियता से नए सरगना का पता लगेगा।
इसके अलावा गैंगस्टर सुनील राठी व नवीन बाली ने टिल्लू के कहने पर जितेंद्र गोगी की हत्या करने वाले शूटरों को हथियार मुहैया कराए थे। ऐसे में अब ये देखना होगा कि ये दोनों गैंगस्टर इस लड़ाई को जारी रखेंगे या किसे गिरोह की कमान सौपेंगे।
ये दो बदमाश संभाल सकते हैं कमान
रोहतक के गांव पाकसमा का रहने वाले दीपक पर दिल्ली व हरियाणा में हत्या के पांच से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उस पर डेढ़ लाख रुपये का इनाम रखा है। बाहु रिटोलिया ने हाल में दिल्ली व हरियाणा में कई सनसनीखेज वारदात की हैं। वह झज्जर में पूर्व सरपंच, गुल्लर प्रधान की हत्या के अलावा रंगदारी नहीं देने पर रणहौला, दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करवा चुका है।
गृह मंत्रालय ने दिए आदेश
टिल्लू की हत्या के बाद गैंगवार होने की पूरी संभावना है। ऐसे में गृह मंत्रालय ने पुलिस आयुक्त को सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। स्पेशल सेल को सभी बदमाशों व गिरोह की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। विशेषकर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह की रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।
टिल्लू से जुड़े गिरोह
- नीरज बवाना-नवीन बाली-परवेश खेरा गिरोह।
- कौशल गुरुग्राम गिरोह।
- रोहित चौधरी- साउथ दिल्ली का रवि गंगवाल गिरोह।
- पंजाब का भांभिया गिरोह।
- ट्रांस-यमुना का छेनू गिरोह।
- पंजाब का जग्गू भगवानपुरिया गिरोह।
- पश्चिमी यूपी का सुनील राठी-अमित भूरा गिरोह।
- राम करण बैयनपुरिया गिरोह।
- संदीप उर्फ ढिल्लू गिरोह।
- विकी चितानिया-विजय फरमाइया गिरोह।
टिल्लू गैंग के प्रतिद्वंदी गिरोह
- जितेंदर उर्फ गोगी- कल्लू खेड़ा गिरोह।
- दिनेश करालिया-दीपक उर्फ तीतर गिरोह।
- लॉरेंस बिश्नोई गिरोह।
- यमुना पार का हासिम बाबा गिरोह।
- साउथ दिल्ली का दीपक पंडित गिरोह।
- अशोक प्रधान गिरोह।
- राजेश बवानिया गिरोह।
- काला जठेड़ी गिरोह।
- जींद का झब्बल गिरोह।
- रोहतक का राजेश सरकारी गिरोह।
टुंडा को तीन दिन के रिमांड पर लाई थी स्पेशल सेल
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल तिहाड़ में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी योगेश उर्फ टुंडा को पिछले सप्ताह तीन दिन के रिमांड पर लेकर आई थी।
स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने बताया कि गोगी गिरोह के सदस्यों की बढ़ती वारदात को देखते हुए मार्च में गोगी गिरोह के खिलाफ संगठित अपराध को बढ़ावा देने का पर्चा दर्ज किया गया था।
इस मामले में गोगी गिरोह की कमान संभाल रहे दीपक बॉक्सर समेत छह से सात बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में ही योगेश को रिमांड पर लाया गया था। इस मामले में बॉक्सर को विदेश भगाने वाले गोगी गिरोह पर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जितेंद्र गोगी गिरोह के बदमाशों के खिलाफ सेल की लोधी कॉलोनी स्थित यूनिट में मकोका का मामला दर्ज है। इस मामले में गिरोह के कई बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
नंदू गिरोह के खात्मे के लिए 20 जगह छापे
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की तर्ज पर द्वारका पुलिस की 21 टीमों ने कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह का सफाया करने लिए दिल्ली-हरियाणा में 20 जगहों पर बुधवार सुबह एक साथ छापे मारे। इस दौरान हिरासत में लिए गए 20 में से एक घोषित बदमाश समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 20 लाख रुपये, 3 पिस्टल, 7 कारतूस व लाखों रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। एक बुलेट प्रूफ फॉरच्यूनर कार भी बरामद की गई है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गोयला डेयरी निवासी नितिन नरूला उर्फ अप्पू, दीनपुर निवासी निखिल, नजफगढ़ निवासी राजपाल उर्फ राजू गहलोत, डासना रोड निवासी दीपक, गांव रोहात सोनीपत निवासी जितेंद्र दहिया और छारा हरियाणा निवासी मोहित के रूप में हुई है। उपायुक्त हर्षवर्धन की देखरेख में बुधवार तड़के तीन बजे बाबा हरिदास नगर, छावला, जाफरपुरकला, बिंदापुर, नजफगढ़, मुंडका, झज्जर, बहादुरगढ़ और महेंद्रगढ़ तक में दबिश दी गई।
द्वारका जिले के 7 थानों के थानाध्यक्ष, 5 चौकी प्रभारी, स्पेशल स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स सेल, जेल बेल सेल आदि टीमें अभियान में शामिल रहीं। ऑपरेशन सेल के एसीपी रामअवतार, स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवीन कुमार, एएटीएस हेड इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, नारकोटिक्स सेल के सुभाष चंद, जेल बेल सेल के रघुवीर सिंह और एंटी बर्गलरी सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर विवेक मेंडोला की टीम के सदस्यों समेत करीब 300 पुलिस अधिकारी व जवानों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश दी।
उपायुक्त हर्षवर्धन ने बताया कि नंदू गिरोह ने हाल ही में भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला की हत्या कर दी थी। ऐसे में नंदू गिरोह का खात्मा करने के लिए एक साथ दबिश दी गई थी।