{"_id":"610eec858ebc3e7593212141","slug":"delhi-news-it-may-rain-today-and-hope-for-tomorrow-in-national-capital","type":"story","status":"publish","title_hn":"मॉनसून मेहरबान : दिल्ली में आज भी बरसेंगे बादल और कल भी है उम्मीद, मौसम विभाग का अनुमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मॉनसून मेहरबान : दिल्ली में आज भी बरसेंगे बादल और कल भी है उम्मीद, मौसम विभाग का अनुमान
Sun, 08 Aug 2021 01:56 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 08 Aug 2021 01:56 AM IST
सार
- मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर तक की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी
- सोमवार के लिए भी विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है
विज्ञापन
दिल्ली में बारिश
- फोटो : ani
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में आज भी बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर तक की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। इससे अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सोमवार के लिए भी विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है।
विज्ञापन
वैसे गर्मी व उमस से बेहाल लोगों के लिए शनिवार का दिन राहत भरा रहा। सुबह के समय काले बादल छाए और करीब सवा घंटे तक तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। इससे कार्यालयों के लिए निकले लोगों को परेशानी भी हुई। वहीं, दिल्ली की विभिन्न जगहों पर जलजमाव होने की वजह से यातायात की रफ्तार भी धीमी हो गई। अगले 24 घंटों के लिए भी मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश की संभावना जताई है।
विज्ञापन
मौसम विभाग ने एक दिन पहले हल्की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन इसके विपरीत सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल लिया था। 9 बजे शुरू हुआ बारिश का दौर 11 बजे के बाद तक चलता रहा। कुछ जगहों पर दिन के समय भी बारिश रिकॉर्ड हुई है। सुबह से शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 6.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। सबसे अधिक बारिश रिज इलाके में 50.8 मिमी दर्ज की गई।
विज्ञापन
प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक कम 33.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम सामान्य के बराबर 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का स्तर 94 फीसदी और न्यूनतम 72 फीसदी रहा। नमी का स्तर अधिक होने की वजह से बारिश थमने के बाद भी उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। दिल्ली के लोदी रोड केंद्र में 1.1, पीतमपुरा में 16.5 व पूसा में 3.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
जलजमाव ने बढ़ाई परेशानी
तेज बारिश होने की वजह से एक बार फिर सिविक एजेंसियों की पोल खुल गई। दिल्ली की विभिन्न जगहों पर जलजमाव होने से वाहनों के पहिये थमे रहे। नंदनगरी, भजनपुरा, करावल नगर, खजूरी, कश्मीरी गेट, दरियागंज, रिंग रोड, पुरानी दिल्ली, करोल बाग, पटेल नगर, पुल प्रहलादपुर, जखीरा, किशनगंज रेलवे अंडरपास, मैदान गढ़ी, वसंत कुंज, गोविंद पुरी, बदरपुर, कंझावला व किराड़ी समेत अन्य जगहों पर जलजमाव की शिकायतें रही। कुछ जगहों पर प्रशासन की ओर से पंप लगाकर पानी की निकासी की गई। हालांकि, बारिश थमने के दो घंटेे बाद भी जलजमाव की समस्या बनी रही।
जाम ने किया बेहाल
बारिश होने से राजधानी में विभिन्न मार्गों पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। शास्त्री पार्क से लेकर कश्मीरी गेट आने वाले ईस्टर्न अपोर्च मार्ग, तीस हजारी कोर्ट, आजाद मार्केट, झंडेवालान, करोल बाग, शादीपुर व द्वारका आदि इलाकों में वाहन रेंगते रहे। कुछ इसी तरह का हाल दक्षिणी दिल्ली के इलाकों में भी देखने को मिला। वहीं, मोती नगर, राजौरी गार्डन, पंजाबी बाग, तिलकनगर, सुभाष नगर, टैगोर गार्डन, विकासपुरी, द्वारका, सागरपुर, डाबड़ी मोड़, उत्तमनगर, जनकपुरी व उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी बाईपास, मुकुंदपुर, मुखर्जी नगर, शक्ति नगर, तिमारपुर व प्रेम नगर समेत अन्य इलाकों में जाम की समस्या रही।