Delhi NCR Rain: दिल्ली और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश, जलजमाव और जाम ने बढ़ाई परेशानी
राजधानी में अलसुबह से ही बादल छा गए थे और सुबह आठ बजे से दिल्ली-एनसीआर में बादलों ने बरसना शुरू किया। तेज बौछारों के साथ बरसने के कारण सुबह 10 बजे तक दिल्ली की तमाम सड़कें लबालब होनी शुरू हो गई थीं।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर के लिए मंगलवार का दिन बारिश के साथ आफत बनकर आया। सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर रिमझिम बारिश के साथ शाम तक नहीं थमा। इस वजह से दिल्ली की सड़कें सुबह से ही जलमग्न रहीं। दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर कई-कई फीट तक जलजमाव देखने को मिला। सुबह कार्यालयों के लिए लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि शाम तक पंप के माध्यम से सड़कों से पानी की निकासी की गई।
राजधानी में अलसुबह से ही बादल छा गए थे और सुबह आठ बजे से दिल्ली-एनसीआर में बादलों ने बरसना शुरू किया। तेज बौछारों के साथ बरसने के कारण सुबह 10 बजे तक दिल्ली की तमाम सड़कें लबालब होनी शुरू हो गई थीं। पूर्वी व उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आने वाले प्रमुख मार्गों के साथ-साथ मध्य दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली व रिंग रोड पर अधिक जलजमाव देखने को मिला। भजनपुरा, खजूरी, नंद नगरी, कश्मीरी गेट, तीस हजारी, पटेल नगर, शादीपुर, द्वारका, कृष्णा नगर, लक्ष्मी नगर, पांडव नगर, विकास मार्ग, तिलक ब्रिज, किशनगंज अंडरपास, करोलबाग, जखीरा व पुल प्रहलादपुर में अधिक जलभराव रहा।
जाम में फंस गए वाहन, गतंव्य तक पैदल पहुंचे लोग
जलजमाव अधिक होने के कारण दिल्ली की सड़कों पर भंयकर जाम देखने को मिला। दिल्ली से गुरुग्राम जाने वाले मार्ग पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। वहीं, विकास मार्ग पर शाम तक वाहन जाम से जूझते रहे। दक्षिणी दिल्ली के कुछ इलाकों में भी लंबे जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, सार्वजनिक वाहनों से कार्यालयों के लिए निकले लोगों को मजबूरी में जलभराव के बीच पैदल चलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। बारिश की वजह से ईस्टर्न अपोर्च रोड, रानी झांसी रोड, विकास मार्ग, मिंटो रोड, कनॉट प्लेस, कश्मीरी गेट, राजघाट से इंद्रप्रस्थ, भोगल, पंखा रोड, जनकपुरी, आजादपुर, रिंग रोड, बारापुला, चाण्क्यपुरी, चिराग दिल्ली, बसंत विहार, नेहरू प्लेस, सरदार पटेल मार्ग, एम्स फ्लाईओवर, महारानी बाग, आश्रम, 11 मूर्ति, शाहजहां मार्ग, मूलचंद, जीटी करनाल रोड व जंगपुरा में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जलमाव से बना झरना, वायरल
बारिश अधिक होने की वजह से एयरपोर्ट के पास दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जलजमाव के कारण लोगों को झरना जैसा अनूठा दृश्य देखने को मिला। इसे लेकर दिनभर सोशल मीडिया पर दिनभर वीडियो वायरल होता रहा। हाईवे पर अधिक जलजमाव होने के कारण गाड़ियों के गुजरने से बारिश का पानी फ्लाईओवर से नीचे झरने की तरह बहता हुआ नजर आया। इसे वहां से गुजर रहे एक शख्स ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पर दिनभर राजनीतिक गलियारे में भी आरोप प्रत्यारोप का माहौल गर्म रहा।