{"_id":"6270e353fe8af81687057cd0","slug":"delhi-eow-arrests-assistant-superintendent-of-tihar-accused-of-helping-thug-sukesh-chandrashekhar-to-commit-crime","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: ईओडब्ल्यू ने तिहाड़ के सहायक अधीक्षक को किया गिरफ्तार, ठग सुकेश चंद्रशेखर को अपराध करने में मदद करने का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: ईओडब्ल्यू ने तिहाड़ के सहायक अधीक्षक को किया गिरफ्तार, ठग सुकेश चंद्रशेखर को अपराध करने में मदद करने का आरोप
Tue, 03 May 2022 01:40 PM IST
अनुराग सक्सेना
एएनआई, नई दिल्ली
एएनआई, नई दिल्ली
Published by: अनुराग सक्सेना
Updated Tue, 03 May 2022 01:40 PM IST
सार
ईओडब्ल्यू की दिल्ली शाखा ने बताया कि तिहाड़ के सहायक अधीक्षक प्रकाश चंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर सुकेश को जेल से ही विभिन्न आपराधिक गतिविधियां संचालित करने में मदद करने का आरोप है।
विज्ञापन
सुकेश चंद्रशेखर
- फोटो : अमर उजाला-फाइल फोटो
विस्तार
महाठग सुकेश चंद्रशेखर को रोहिणी जेल में सुविधा मुहैया करवाए जाने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा ने तिहाड़ जेल के एक सहायक जेल अधीक्षक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सहायक अधीक्षक से पूछताछ कर पुलिस सुकेश को सुविधा देने को लेकर उनकी भूमिका की जांच कर रही है। इस मामले में सात जेल अधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
विज्ञापन
शाखा की संयुक्त आयुक्त छाया शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार सहायक जेल अधीक्षक की पहचान तिहाड़ स्टाफ क्वार्टर निवासी प्रकाश चंद के रूप में हुई है। फिलहाल उनकी तैनाती जेल नंबर दो में थी। सुकेश चंद्रशेखर के जेल में रहने के दौरान उनकी तैनाती रोहिणी जेल में थी।
विज्ञापन
रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर की पत्नी से दो सौ करोड़ रुपये की ठगी के मामले में स्पेशल सेल की टीम ने अगस्त 2021 में रोहिणी जेल में छापेमारी की थी। सुकेश के सेल में छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जेल अधिकारियों की मिलीभगत से सुकेश जेल में काफी सुख सुविधा ले रखा था। उसे फोन और अन्य सुविधा मुहैया करवाए गए थे। उसके बाद जेल प्रशासन की ओर से अधिकारियों के खिलाफ जांच करवाई गई थी। जिसमें कई जेल अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए थे।
विज्ञापन
शाखा की टीम ने सुकेश चंद्रशेखर से पूछताछ की और उसकी मदद करने वाले जेल के सात अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।उन अधिकारियों से पूछताछ के बाद अब पुलिस ने प्रकाश चंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार सहायक जेल अधीक्षक से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुकेश के जेल में रहने के दौरान उसे दी जाने वाली सुविधा में उनकी क्या भूमिका थी। इसके अलावा पैसे के लेनदेन कैसे हुए थे। गिरफ्तारी के बाद सहायक जेल अधीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।