सीयूईटी: गणित, भाषा और सामान्य टेस्ट स्कोर से होगा दाखिला, सेक्शन-1 में से किसी एक भाषा का कर सकते हैं चयन
डीयू में एडमिशन के लिए बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडी (बीएमएस), बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए), एफआईए व बैचलर ऑफ बिजनेस इकनॉमिक्स (बीबीई) के लिए सीयूईटी के पहले सेक्शन (33 भाषा) में से किसी एक भाषा का चयन करना होगा।
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक कोर्सेज में दाखिले कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट ( सीयूईटी) के माध्यम से होने हैं। बीते साल तक नेशनल टेस्टिंग एजेंसी डीयू के 12 कोर्सेज के लिए अलग से प्रवेश परीक्षा आयोजित करती थी। इनमें बीएमएस, बीबीए व बीबीई, बीएलएड जैसे कोर्सेज शामिल हैं। इस बार सभी को संयुक्त प्रवेश परीक्षा में शामिल कर दिया गया है। इन कोर्सेज में दाखिले के लिए तय किया गया है कि एक भाषा, गणित व सीयूईटी के सामान्य टेस्ट के स्कोर को देखा जाएगा।
बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडी (बीएमएस), बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए), एफआईए व बैचलर ऑफ बिजनेस इकनॉमिक्स (बीबीई) के लिए सीयूईटी के पहले सेक्शन (33 भाषा) में से किसी एक भाषा का चयन करना होगा।
दूसरे सेक्शन में 27 मुख्य विषय हैं, जिनमें से उन्हें मैथ का विकल्प चुनना होगा। तीसरा सेक्शन सामान्य ज्ञान पार आधारित है। इसका चयन करना होगा। इन तीनों को मिलाकर जो सीयूईटी स्कोर बनेगा, उसके आधार पर ही छात्र को दाखिला मिलेगा। बीएमएस व बीबीई कोर्स डीयू के नौ कॉलेज में उपलब्ध है, जबकि बीबीए दो कॉलेज में पढ़ाया जाता है। सीयूईटी में बैठने के लिए मुख्य विषय में गणित लेना अनिवार्य है। छात्र किसी अन्य कोर्स का चयन नहीं कर सकते हैं।
छह मई तक करा सकते हैं पंजीकरण
बीएलएड कोर्स के लिए सीयूईटी में बैठने के लिए पहले सेक्शन में से 33 भाषाओं में से किसी एक भाषा, सेक्शन-2 के मुख्य विषयों में से कोई दो विषयों व सेक्शन-2 के दो भागों (बी-1 या बी-2) में से किसी एक भाग से एक विषय का चयन करना होगा। मेरिट सीयूईटी के स्कोर के आधार पर बनेगी। मालूम हो कि अभी सीयूईटी में आवेदन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण छह मई तक कराया जा सकता है।