राहत: दिल्ली में संक्रमण दर 0.50 फीसदी से नीचे, एक सप्ताह में कोरोना के महज 614 मामले
दिल्ली में मार्च के आखिरी सप्ताह से संक्रमित तेजी से बढ़ने लगे थे। दूसरे सप्ताह आते- आते रोजाना औसतन 16 हजार मरीज मिल रहे थे, और इसके मुकाबले केवल 11 हजार लोग स्वस्थ हो रहे थे। तीसरे सप्ताह में रोजाना आ रहे मरीजों का आंकड़ा 26 हजार के पार पहुंच गया।
विस्तार
विशेषज्ञों का कहना है कि कम हो रहे मामले अच्छा संकेत हैं, हालांकि वायरस में लगातार बदलाव भी हो रहा है। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिल्ली में मार्च के आखिरी सप्ताह से संक्रमित तेजी से बढ़ने लगे थे। दूसरे सप्ताह आते- आते रोजाना औसतन 16 हजार मरीज मिल रहे थे, और इसके मुकाबले केवल 11 हजार लोग स्वस्थ हो रहे थे। तीसरे सप्ताह में रोजाना आ रहे मरीजों का आंकड़ा 26 हजार के पार पहुंच गया।
20 अप्रैल को एक ही दिन में 28,375 लोग संक्रमित मिले थे। मई तक हालातों में खास बदलाव नहीं आया था, लेकिन जून से दूसरी लहर धीमी पड़ने लगी और अब मामले लगातार घट रहे हैं।
पिछले एक सप्ताह में कोरोना के सिर्फ 616 मरीज सामने आए हैं। इससे पहले 19 से 25 जून के बीच 817 मामले और 59 मौते हुई थी। वही, 12 से 18 जून के बीच 1334 लोग संक्रमित मिले थे और 145 ने जान गंवाई थी।
सात दिन 31 मौतें
पिछले एक सप्ताह से स्थिति
तारीख- दैनिक मामले- मौतें
26 जून-85-09
27-89-04
28-59-02
29-101-04
30-94-06
01 जुलाई-93-04
02-93-02
नोट- आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं
राजधानी में शुक्रवार को 1.6 लाख लोगों ने लगवाया टीका
राजधानी में शुक्रवार को 1.6 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके साथ टीका लगवा चुके कुल लोगों का आंकड़ा 82 लाख से अधिक हो गया। ये जानकारी दिल्ली सरकार की ओर से जारी बुलेटिन में दी गई।
दिल्ली सरकार की ओर से शनिवार को जारी बुलेटिन में बताया गया कि राजधानी में अब तक 8212158 लोगों का कोरोना टीकाकरण हो चुका है। इनमें से 6345239 को पहली खुराक और 1866919 को टीके की दूसरी खुराक दी गई।
वहीं बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को राजधानी में 160738 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें से 130487 को टीके की पहली खुराक और 30251 को दूसरी खुराक दी गई। शुक्रवार को जिन लोगों को टीका लगाया गया उनमें से 44512 लोग 45-60 आयु वर्ग के थे। वहीं 114462 लोग 18-44 आयु वर्ग के थे।
दिल्ली को शुक्रवार को टीके की 50 हजार खुराकें कोवाक्सिन की मिलीं। दिल्ली के पास फिलहाल 478000 टीकों का स्टॉक है। इनमें 268000 कोवाक्सिन और 210000 कोविशील्ड के टीके हैं। टीकों का ये स्टॉक फिलहाल दो दिनों के लिए पर्याप्त होगा। फिलहाल राजधानी में 1374 केंद्रों पर टीकाकरण चल रहा है जहां रोजाना 226552 टीके लगाने की क्षमता है।