{"_id":"6259e6fba84af86a2033ae8e","slug":"corona-started-scaring-again-calls-are-coming-every-third-minute-on-covid-care-helpline","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली : कोविड हेल्पलाइन पर हर तीसरे मिनट लग रही है मदद की गुहार, राजधानी में फिर डराने लगा कोरोना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली : कोविड हेल्पलाइन पर हर तीसरे मिनट लग रही है मदद की गुहार, राजधानी में फिर डराने लगा कोरोना
Sat, 16 Apr 2022 04:37 AM IST
दुष्यंत शर्मा
किशन कुमार, नई दिल्ली
किशन कुमार, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 16 Apr 2022 04:37 AM IST
सार
राजधानी में कोरोना फिर से लोगों को डराने लगा है। मामूली स्वास्थ्य खराब होने पर ही लोग समझ रहे हैं कि वे कोरोना की गिरफ्त में आ गए हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लोगों को दे रहे हैं सतर्कता बरतने की सलाह।
विज्ञापन
demo pic
- फोटो : mygov.in
विस्तार
हैलो...मुझे खांसी-जुकाम है। बुखार के कारण बदन भी दर्द कर रहा है, क्या करूं। आप घबराओ नहीं, ये लक्षण आम हैं। हर सर्दी-खांसी कोरोना नहीं होता है। अपने नजदीकी केंद्र से जाकर दवाइयां लीजिए। यदि स्वास्थ्य ज्यादा बिगड़े तो चिकित्सक की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो जाएं...। सतर्कता के साथ घर में रहकर भी इन बीमारियों को मात दी जा सकती है। कुछ इस तरह का संवाद आजकल मरीजों और स्वास्थ्य कर्मचारियों में हो रहा है।
विज्ञापन
राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर ज्यादातर लोग घबरा रहे हैं। यही वजह है कि कोविड केयर हेल्पलाइन नंबर पर हर तीसरी मिनट में सहायता के लिए घंटी बज रही है। लोग प्रतिदिन 400 से 500 कॉल कर रहे हैं। वहीं, एंबुलेंस सेवा के लिए भी कॉल का आंकड़ा 1600 पार कर गया है। बीते एक सप्ताह से कोरोना के नए मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है। हल्की तबीयत बिगड़ने पर घबराकर लोग एंबुलेंस और कोविड केयर सेंटर में फोन घुमा रहे हैं, जबकि मार्च में इन कॉल की संख्या में काफी कमी आ गई थी।
विज्ञापन
कोविड हेल्पलाइन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि संक्रमण बढ़ने से पहले प्रतिदिन आने वाले कॉल की संख्या में तेजी से कमी देखी गई थी। खासकर, 2 मार्च के बाद से कॉल काफी घट गई थी। वहीं, बीते दिनों से संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अब प्रतिदिन 400 से 500 कॉल आ रही हैं, जबकि संक्रमण बढ़ने से पहले यह संख्या 300 से 400 होती थी। मदद के लिए आने वाली हर कॉल को उठाकर उनकी तकलीफ को पूछा जाता है। हालांकि, लोग बीमारी के हल्के लक्षण होने पर ही घबराकर कॉल कर रहे हैं। कॉल करने पर लोग खांसी, जुकाम और बुखार को लेकर अधिक शिकायत कर रहे हैं। अधिकांश मामलों का निपटारा कॉल पर ही किया जा रहा है। कम ही मामलों में लोग अस्पतालों तक जाते हैं।
विज्ञापन
होम आइसोलेशन का सहारा ले रहे मरीज
लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि संक्रमण फैलने के बीच लोग खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हो रहे हैं। इसे लेकर अस्पताल में भी मरीज देखने को मिले हैं, लेकिन किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की नौबत नहीं दिखी। अधिकांश मरीजों में हल्के लक्षण ही देखने को मिल रहे हैं। यही वजह है कि लोग इलाज कराकर चले जाते हैं और होम आइसोलेशन का सहारा लेते हैं। एम्स के डॉक्टर अन्नय गुप्ता ने कहा कि आपातकालीन विभाग में भी मरीज कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। किसी भी रोगी में गंभीर लक्षण देखने को नहीं मिल रहे हैं। इस वजह से एक तरफ कोरोना के दैनिक मामलों का ग्राफ बढ़ रहा है, लेकिन अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या नहीं बढ़ रही है। जो लोग संक्रमित हो रहे हैं, वे घर में ही रहकर ठीक हो रहे हैं।
एक सप्ताह में बढ़े 48 फीसदी रोगी
दिल्ली में संक्रमण दर बढ़ने के साथ पिछले एक सप्ताह में होम आइसोलेशन के मामलों में लगभग 48 फीसदी की वृद्धि हुई है। बृहस्पतिवार तक होम आइसोलेशन के मामलों की संख्या 574 थी, जबकि 325 नए मामलों के साथ संक्रमण दर 2.39 फीसदी दर्ज की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, आठ अप्रैल को 1.39 फीसदी संक्रमण दर के साथ 146 नए मामले दर्ज किए गए थे। इस दौरान 388 मरीज होम आइसोलेशन में थे। आठ से 14 अप्रैल के बीच होम आइसोलेशन के मामलों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है, जो 14 अप्रैल को बढ़कर 574 हो गई। 11 अप्रैल को यह आंकड़ा 447 था, जो कि 13 अप्रैल को 504 तक पहुंच गया था। इस अवधि में लगभग 48 फीसदी की वृद्धि हुई है।
सोमवार को संक्रमण दर 2.7 फीसदी थी, जो दो महीने में सबसे अधिक थी। बृहस्पतिवार तक संक्रमण दर 2.39 फीसदी दर्ज की गई है। बीती पांच फरवरी को यह 2.87 फीसदी दर्ज की गई थी। महामारी की तीसरी लहर के दौरान दिल्ली में दैनिक कोविड मामलों की संख्या 13 जनवरी को 28,867 के रिकॉर्ड उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। इस वर्ष अब तक की सबसे अधिक संक्रमण दर 14 जनवरी को 30.6 फीसदी रही है, जो महामारी की तीसरी लहर के दौरान सबसे अधिक थी। एक फरवरी को होम आइसोलेशन के मामलों की संख्या 12,312 थी, जो कि 24 फरवरी तक 1,559 रह गई थी।
ये है स्थिति
तारीख केस एंबुलेंस कॉल कोविड हेल्पलाइन कॉल संक्रमण दर
01 131 1657 434 0.57
05 112 1578 480 1.05
07 176 1607 403 1.68
08 146 1604 458 1.39
10 141 1393 371 1.29
14 325 1693 440 2.39
नोट : आंकड़े इसी माह के हैं और स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं।