दिल्ली: 100 करोड़ कोरोनारोधी टीके लगने पर एम्स में मनाई गईं खुशियां
देश में कोरोना के खिलाफ 100 करोड़वां टीका लगाए जाने के मौके पर गुरुवार को दिल्ली एम्स परिसर को अच्छे से सजाया गया और एम्स स्टाफ ने एक-दूसरे के साथ खुशियां मनाईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना टीकाकरण का एक अरब का आंकड़ा पूरा होने पर जहां दिल्ली सहित पूरे देश में महोत्सव मनाया गया, वहीं नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भी जश्न का माहौल दिखाई दिया। एम्स परिसर में टीका यात्रा निकाली गई और इस दौरान डीजे व देशभक्ति से जुड़े फिल्मी गानों पर चिकित्सीय छात्र और रेजीडेंट डॉक्टर झूम उठे।
गुरुवार को देर शाम पूरे परिसर में घूमी इस यात्रा के दौरान छात्रों ने जमकर नाच-गाना किया। यात्रा का शुभारंभ एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया था। यात्रा शुरू होने के बाद कुछ दूर तक निदेशक उसमें शामिल रहे लेकिन इसके बाद यात्रा नर्सिंग व एमबीबीएस छात्रों ने आगे बढ़ाई और डीजे साउंड के साथ पूरे परिसर में नाच गाना हुआ।
इससे पहले निदेशक कार्यालय और ऑडिटोरियम को फूलों से सजाया गया था। रंगोली और साज सज्जा में छात्रों ने बढ़-चढ़ कर भाग भी लिया था। हालांकि एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल परिसर में डीजे या फिर नाच गाने के साथ यात्रा निकालना उचित नहीं है। मरीजों को देखते हुए प्रबंधन को इसकी अनुमति नहीं देनी चाहिए। इस पर प्रबंधन के अधिकारियों ने कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन छात्रों का कहना था कि स्वास्थ्य कर्मचारियों की लगन और 19 महीने तक दिन-रात सेवा के बाद देश महामारी के अंत की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में इस यात्रा या फिर जश्न को अन्यथा न लिया जाए।
एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण है, सिर्फ इसलिए नहीं कि एक अरब वैक्सीन लगी हैं बल्कि ये सभी वैक्सीन भारत में ही बनी थीं। यह उन लोगों को प्रेरित करेगा जिन्होंने अभी वैक्सीन नहीं लगवाई है। यह उपलब्धि इसका सबूत है कि यह वैक्सीन सुरक्षा और प्रभावी है।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए गुरुवार को 100 करोड़वां टीका लगाया गया। इस मौके पर देशभर में खुशियां मनाने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी जा रही है। नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भी खुशियां मनाई गईं। इस दौरान एम्स को फूलों से सजाया गया। अस्पताल में दरवाजों पर फूलों के बंदनवार लटकाए गए और फूलों की रंगोली बनाई गई।
देश में कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीनेशन की प्रक्रिया 16 जनवरी से शुरू हुई थी। तब से अब तक (278 दिनों में) 100 करोड़ लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक डोज लगाई जा चुकी है।