फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Agnipath Scheme: High alert at stations in the city battling protests, flag march of police, common citizens upset

Agnipath Scheme : विरोध-प्रदर्शनों से जूझते शहर में स्टेशनों पर हाई अलर्ट, पुलिस का फ्लैग मार्च, आम नागरिक परेशान

Sun, 19 Jun 2022 05:50 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 19 Jun 2022 05:50 AM IST
सार

प्रवेश के पहले गहन जांच और सादी वर्दी में प्रशासन की तैनाती की गई है। दिल्ली के सभी स्टेशनों पर प्रशासन की तरफ से सुबह के वक्त फ्लैग मार्च भी किया गया और प्लेटफॉर्म पर हर व्यक्ति की सीसीटीवी  से मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी तरह का विरोध, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सके।

विज्ञापन
Agnipath Scheme: High alert at stations in the city battling protests, flag march of police, common citizens upset
flag march... - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अग्निपथ योजना के विरोध को लेकर देशभर के स्टेशनों पर हाई अलर्ट कर दिया गया है। प्रवेश के पहले गहन जांच और सादी वर्दी में प्रशासन की तैनाती की गई है। दिल्ली के सभी स्टेशनों पर प्रशासन की तरफ से सुबह के वक्त फ्लैग मार्च भी किया गया और प्लेटफॉर्म पर हर व्यक्ति की सीसीटीवी  से मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी तरह का विरोध, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सके।

विज्ञापन


देश की राजधानी दिल्ली छात्रों का हब है लिहाजा पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रखी जा रही है। खासतौर पर छात्र बहुल इलाकों और स्टेशनों पर निगरानी की जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। मुख्यालय के आदेश के बाद जीआरपी और आरपीएफ को मुस्तैद किया गया है। स्टेशनों पर हथियारबंद जवानों की तैनाती हुई है।
विज्ञापन


सादी वर्दी में संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। 20 जून को भारत बंद की घोषणा से सतर्क रेलवे द्वारा अपनी यात्री ट्रेनों, मालगाड़ी और रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। खासकर पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली, आनंद विहार, निजामुद्दीन, सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर अधिकारियों की तैनाती हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आम नागरिकों की बढ़ी परेशानी

देशभर में अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे उग्र प्रदर्शन ने रेलवे की समय सारणी भी बिगाड़ दी है। विभिन्न रूटों की लगातार ट्रेनें निरस्त की जा रही हैं। इससे यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। ट्रेनों के रद्द होने से लगातार टिकट निरस्त हो रहे हैं और रेलवे को आर्थिक नुकसान    का सामना करना पड़ रहा है। आगजनी और हिंसा की घटना को देखते हुई कई लोग खुद भी अपना टिकट निरस्त कर रहे हैं। छुट्टियों पर सैर-सपाटा करने के    लिए टिकट आरक्षित कराए लोग भी टिकट रद्द करा रहे हैं।

दिल्ली से संचालित 18 से अधिक ट्रेनें निरस्त रहीं
शनिवार को 18 से अधिक दिल्ली से संचालित होने वाली ट्रेनें निरस्त रहीं। इनमें मुख्य रूप से ट्रेन संख्या (12274, 12304) नई दिल्ली-हावड़ा, आनंद विहार-भागलपुर, नई दिल्ली-राजेंद्र नगर (12310, 12394), नई दिल्ली-गया, आनंद विहार-जोगबनी, आनंद विहार-कामाख्या, नई दिल्ली-सहरसा (02564, 12554), नई दिल्ली-दरभंगा, आनंद विहार-पुरी, आनंद विहार-रांची, दिल्ली-मालदा टाऊन, दिल्ली-अलीपुरद्वार, नई दिल्ली-इस्लामपुर, नई दिल्ली-दरभंगा (02570) ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। दरअसल बंगाल, बिहार और यूपी से शुक्रवार को उग्र प्रदर्शन के कारण इनमें कई ट्रेनें निरस्त कर दी गई थीं। लिहाजा वापसी दिशा के लिए भी निरस्त कर दी गई हैं।

मजदूरों के लिए प्लेटफॉर्म ही बना रैन बसेरा
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आलम यह है कि 200 से ज्यादा मजदूर शुक्रवार सुबह से ही परेशान हैं। पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनें निरस्त होने की वजह से उनका रैन  बसेरा प्लेटफॉर्म ही बना हुआ है। अन्य स्टेशनों पर भी कई यात्रियों का जमावड़ा है। बिहार के पटना, दरभंगा, मोतीहारी जाने के लिए शुक्रवार को ही पहुंचे ये मजदूर स्टेशनों पर ही रात गुजारने को मजबूर हैं। यात्रियों का कहना था कि रेल प्रशासन की तरफ से किसी तरह की सुविधा नहीं मिल रही है और न ही यह पता चल रहा है कि बिहार के लिए कब ट्रेनें रवाना होंगी।

प्रभावित ट्रेनें

  • कुल प्रभावित ट्रेनें-371
  • निरस्त ट्रेनों की संख्या 210 मेल व 159 पैसेंजर ट्रेनें
  • आंशिक रूप से निरस्त ट्रेनें-2
  • परिवर्तित मार्ग से ट्रेनें नहीं चलाई गई

दैनिक अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी

यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली जंक्शन-शामली व नजीबाबाद-गजरौला के बीच दैनिक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 01617 दिल्ली जंक्शन-शामली दैनिक अनारक्षित स्पेशल 20 जून से प्रतिदिन चलेगी। दिल्ली जंक्शन से यह ट्रेन सुबह 9:10 बजे चलेगी व पूर्वाह्न 11:55 बजे शामली पहुंचेगी। वापसी दिशा में 01618 शामली-दिल्ली जंक्शन दैनिक अनारक्षित स्पेशल 20 जून से दोपहर 2:20 बजे चलकर शाम 5:20 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।

मार्ग में दिल्ली शाहदरा, गोकलपुर सबोली हॉल्ट, नोली, खेकड़ा, बागपत रोड, बडौत, कासिमपुर खेड़ी तथा कांधला स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04385/04386 नजीबाबाद-गजरौला-नजीबाबाद के बीच चलेगी। नजीबाबाद-गजरौला 20 जून से शाम 5:05 बजे चलकर रात 9 बजे गजरौला पहुंचेगी। वापसी दिशा में 04385 नजीबाबाद-गजरौला 21 जून से गजरौला स्टेशन से सुबह 7:50 बजे चलकर उसी दिन दोपहर 12:05 बजे नजीबाबाद पहुंचेगी। मार्ग में यह ट्रेन फजलपुर, मुज्जमपुर नारायण, बस्सी, कीरतपुर, सुअहेरी, बिजनौर, हलदौरा, अमहेरा, सिसौना, चांदपुर सियाऊ, भागदरा, बकैना हॉल्ट, चुचेला कलां हाल्ट व मंडी धनौरा स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।

जंतर-मंतर पर कई संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन

जंतर मंतर पर शनिवार को अग्निपथ योजना के विरोध में कई युवा संगठनों ने प्रदर्शन किया। इसमें एआईडीवाईओ, एआईडीएसओ, महिला संगठन एआईएमएसएस और मजदूर संगठन एआईयीटीयूसी शामिल थे।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि 14 जून को रक्षा मंत्री ने रोजगार के क्षेत्र में नई योजना अग्निपथ का ऐलान किया। इसके तहत अब से सेना की भर्ती सिर्फ चार साल के लिए होगी और चार साल बाद उन्हें बाहर का रास्ता देखना होगा। उसके बाद न तो पेंशन मिलेगी और न किसी और तरह की सुविधाएं मिलेंगी। इस तरह की नीति युवाओं के साथ धोखा है। लोगों ने युवाओं से अपील की कि आंदोलन को शांतिपूर्ण, अनुशासनबद्ध तरीके से चलाएं। 

किसान आंदोलन से सीख लेते हुए इसे दीर्घ स्थायी रूप से तब तक चलाया जाए, जब तक सरकार अग्निपथ को वापस लेने पर मजबूर नहीं हो जाए। आंदोलनकारियों ने सरकार से अग्निपथ योजना को तुरंत रद्द करने, दो साल से लंबित सेना की भर्ती को तुरंत स्थायी आधार पर शुरू करने, सभी तरह की संविदा व्यवस्था पर हुई भर्तियों को नियमित करने, निजीकरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सभी सरकारी संस्थानों में खाली पड़े पदों को जल्द स्थायी रूप से भरने की मांग की।

‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन से डरकर युवाओं को तिहाड़ भेज रही सरकार’
अग्निपथ का विरोध कर रहे युवाओं के समूह ‘युवा हल्ला बोल’ का आरोप है कि केंद्र सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन से डरकर लोगों को तिहाड़ जेल भेज रही है। युवा हल्ला बोल के 11 सहयोगी दो दिन से तिहाड़ जेल में बंद हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुपम समेत 11 लोग बृहस्पतिवार को कनॉट प्लेस में हरियाणा के युवा बेरोजगार साथियों को श्रद्धांजलि देने आए थे, जिन्होंने योजना से हताश होकर आत्महत्या कर ली। 

उनकी आत्मा की शांति के लिए सब मोमबत्ती जलाने के लिए जुटे थे, तभी पुलिस ने हिरासत में ले लिया और मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन ले गई। पुलिस ने इन्हें 20 घंटे से अधिक समय थाने में बिठाए रखा। अगले दिन कोर्ट में पेश कर सबको तिहाड़ जेल भेज दिया। 

ढांसा बस स्टैंड के पास प्रदर्शन, पुलिस ने खदेड़ा

बाबा हरिदास नगर इलाके में युवकों ने अग्निपथ योजना के विरोध में ढांसा बस स्टैंड के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एक शख्स इनमें शामिल हो गया और भड़काऊ भाषण देकर प्रदर्शनकारियों को उकसाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की उस शख्स से झड़प हो गई। 

पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से तितर बितर कर दिया और 18 लोगों को हिरासत में ले लिया जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पुलिस से झड़प करने वाले शख्स असालतपुर गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा उर्फ फौजी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10.45 बजे खैरा मोड़ की ओर से 50-60 युवक ढांसा बस स्टैंड की ओर आए और अग्निपथ योजना के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सभी इस योजना को वापस लेने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन कर रहे युवक वहां सड़क पर बैठ गए। इस बात की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। 

यातायात की आवाजाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए पुलिस ने उन्हें सड़क के किनारे कर दिया और उन्हें शांतिपूर्वक चले जाने के लिए कहा। इसी दौरान सुरेंद्र शर्मा उर्फ फौजी विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गया और वहां भड़काऊ भाषण देकर प्रदर्शनकारियों को भड़काने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो सुरेंद्र पुलिसकर्मियों से उलझ गया और हाथापाई पर उतारू हो गया।



उसके बाद पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया। पुलिस ने 18 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और बाद में कानूनी कार्रवाई कर उन्हें छोड़ दिया। पुलिस ने सुरेंद्र के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed