CCTV कैमरे की नजर में हैं आप: होमवर्क नहीं होने पर घर से निकली 11 साल की बच्ची, भटकी रास्ता; पुलिस ने मिलाया
एक अगस्त को जनकपुरी थाना पुलिस को 11 वर्ष की एक बच्ची के घर से लापता होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने चार घंटे की मशक्कत के बाद दशरथपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से सकुशल बरामद किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जनकपुरी इलाके में 11 साल की बच्ची घर के गायब हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश की और करीब 35 सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद बच्ची को दशरथपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि होमवर्क पूरा नहीं कर पाने की वजह से वह काफी घबराई और डरी थी, इसलिए घर से निकल गई थी। बाद में वह अपने घर का रास्ता भूल गई। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।
छठी क्लास में पढ़ती है छात्रा
पुलिस अघिकारी ने बताया कि 1 अगस्त को जनकपुरी थाना पुलिस को 11 वर्ष की एक बच्ची के घर से लापता होने की जानकारी मिली थी। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने एक टीम गठित की। परिवार वालों से पूछताछ में पता चला कि बच्ची दिल्ली के सेंट फ्रांसिस डी सेल्स स्कूल जनकपुरी में छठी कक्षा में पढ़ती है और स्कूल से लौटने के बाद वह दोपहर में घर से गायब हो गई है।
बच्ची के घर से गायब होते ही परिजन पहुंचे थाने
पुलिस ने बच्ची के लापता होने का संदेश तुरंत नियंत्रण कक्ष के माध्यम से अन्य पुलिस स्टेशनों में फ्लैश किया गया और बच्ची की तलाश के लिए उसकी फोटो प्रसारित की गई। सीसीटीवी से बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की पांच टीम बनाई गईं। साथ ही पुलिस टीम पार्क, अस्पताल, बस स्टॉप, सड़कें, डिपो, मेट्रो स्टेशन सहित अन्य जगहों पर बच्ची की तलाश शुरू की।
पुलिस ने टीम गठित कर खंगाले सीसीटीवी फुटेज
पुलिस टीम ने डीडीयू अस्पताल, माता चानन देवी अस्पताल, ऑर्किड अस्पताल, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दादा देव अस्पताल के साथ-साथ जनकपुरी इलाके के विभिन्न पार्कों की तलाशी ली। पुलिस टीम ने 35 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक कैमरे में बच्ची कैद हो गई, जो ऑर्किड अस्पताल के पास से डाबरी गोल चक्कर पंखा रोड की ओर अकेले जाते हुई दिखी।
चार घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची बरामद
पुलिस ने उसके जाने की दिशा में उसकी तलाश शुरू की और उसके गायब होने के चार घंटे बाद बच्ची को दशरथ पुरी मेट्रो स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसने अपना होमवर्क पूरा नहीं किया था, जिसकी वजह से वह काफी डरी और घबराई हुई थी। इसलिए वह घर छोड़कर चली गई। इसके बाद वह घर का रास्ता भूल गई। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरा करने के बाद बच्ची को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया।