World Cup Final : दिल्लीवालों पर भी चढ़ा क्रिकेट का बुखार, रोमांचक मुकाबले के लिए घर से लेकर घाट तक सब तैयार
भारत-आस्ट्रेलिया के बीच इस मैच के लिए दिल्लीवालों ने बड़ी तैयारी की है। सभी बड़े बाजार, होटल, रेस्त्रां, पब, आरडब्ल्यूए समेत दूसरी जगहों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन का इंतजाम रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले का खुमार दिल्लीवालों के सिर चढ़कर बोल रहा है। भारत-आस्ट्रेलिया के बीच इस मैच के लिए दिल्लीवालों ने बड़ी तैयारी की है। सभी बड़े बाजार, होटल, रेस्त्रां, पब, आरडब्ल्यूए समेत दूसरी जगहों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन का इंतजाम रहेगा। कई सिनेमा हॉल व मल्टीप्लेक्स में भी लाइव स्ट्रीमिंग का इंतजाम है। छठ पूजा के आयोजन स्थल व अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला भी इससे अछूता नहीं रह सका। प्रगति मैदान में फूड कोर्ट के पास बड़ी स्क्रीन लगी है। वहीं, कई पूजा समितियां भी छठ घाटों पर स्क्रीन लगवा रही हैं।
एक दिन पहले ही सिनेमा हॉल हुए हाउस फुल
पीवीआर व इनॉक्स ग्रुप के मल्टीप्लेक्स व शाहदरा के मिराज समेत दिल्ली के करीब 20 सिनेमा हॉल में पूरे मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी। इनकी टिकट पहले ही बुक हो चुकी हैं। कई हॉल शनिवार को ही हाउस फुल हो गए। 250 रुपये से लेकर से 750 तक की सभी टिकटें बिक गई हैं। फिर भी मांग बनी हुई है। इसको देखते हुए कई सिनेमा घरों ने स्क्रीनिंग बढ़ा दी है। खिलाड़ियों के मौजूदा फार्म को देखते हुए क्रिकेट प्रेमियों का उम्मीद है कि 12 साल के बाद एक बार फिर से क्रिकेट में देश की बादशाहत कायम होगी।
इंडिया की टी-शर्ट पहनने पर समोसे पर 30 फीसदी छूट
कृष्णा नगर क्षेत्र में समोसा हब के मालिक ने फाइनल मैच को लेकर विशेष छूट निकाली है। यहां मैच वाले दिन भी इंडिया टीम की टीशर्ट पहनकर आएगा, उसे समोसे में तीस प्रतिशत की छूट मिलेगी। यहां चालीस तरह के समोसे की वैराइटी हैं। इनमें चॉकलेट, ऑरेंज, पाइन एप्पल आदि फ्लेवर शामिल हैं। मैच के दिन वर्ल्ड कप स्पेशल समोसे भी ग्राहकों को सर्व किए जाएगें।
दूसरी तरफ ऐरोसिटी स्थित होटल अंदाज के खुबानी रेस्त्रां में भी ऑफर है कि मैच के दौरान पांच हजार रुपये में प्रति व्यक्ति को अनलिमिटेड ड्रिंक्स सर्व की जाएगी। लाइव डीजे से लेकर ढोल की भी व्यवस्था रहेगी। कनॉट प्लेस के तमाशा क्लब में भी मैच के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है, लोगों को ड्रिंक्स पर छूट भी दी जाएगी।
बाजारों में भी मनेगा जश्न
दिल्ली के सभी बड़े बाजारों में खुली जगहों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन पर लोग मैच का लुत्फ उठाएंगे। खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेजिडेंट संजीव मेहरा ने बताया कि उनके बाजार की बैक साइड में बड़ा पार्किंग स्पेस है, जहां एनडीएमसी की बड़ी एलईडी स्क्रीन लगी है। इस पर मैच दिखाया जाएगा। वहीं, लाजपत नगर में सेंट्रल मार्केट शॉपकीपर्स एसोसिएशन के चेयरमैन गोपाल डावर ने बताया कि प्याऊ वाले पार्क में स्क्रीन लगाई जा रही है। भारत को जिताने के लिए भगवान से भी प्रार्थना की जाएगी।
सरोजनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अशोक रंधावा ने बताया कि यहां बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। ढोल बजाने वालों को बुलाया गया है। हर चौके और छक्के पर ढोल बजेंगे। भारत की जीत पर दुकानदार 15 से 60 प्रतिशत का डिस्काउंट देंगे। ग्रेटर कैलाश-एक की एम ब्लॉक मार्केट में भी स्क्रीन लगाई जाएगी। कमला नगर ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नितिन गुप्ता ने बताया कि एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर का किराया काफी बढ़ गया है, फिर भी स्क्रीन नहीं मिल पा रही हैं। माल के बाहर स्क्रीन लगाने की योजना है।
छठ घाटों पर स्क्रीन
छठ पूजा समितियों ने भी विश्व कप मैच दिखाने की तैयारी की है। इसके लिए आईटीओ, कालिंदी कुंज, गीता कालोनी, सोनिया विहार समेत दूसरे कई छठ घाटों पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। पूजा के बाद छठ व्रती घाट पर ही मैच देख सकेंगे।
कोहली की कालोनी में भी इंतजाम
टीम इंडिया के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली की कालोनी पश्चिम विहार के मीरा बाग, जीवन निकेतन एलआइसी कालोनी में आरडब्ल्यूए बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच दिखाएगी। आरडब्ल्यूए ने लोगों से अपील की है लोग परिवार सहित यहां आए और मैच को आनंद उठाएं।
युवा बोले, हमारा होगा विश्व कप
मैं सुबह क्रिकेट खेलने के बाद ही पालिका बाजार में कपड़ों की दुकान लगाता हूं। आज हम सभी दुकानदार बाजार में ही रहकर मोबाइल को स्पीकर से कनेक्ट करके मैच का लुप्त उठाएंगे। मेरा मानना है क्रिकेट बड़ी चीज है, दुकानदारी तो होती रहेगी।
-विष्णु, सदर बाजार में दुकानदार
मैं जयपुर से दिल्ली नौकरी की तैयारी के लिए आया हूं। मुझे क्रिकेट बहुत पसंद है। आज के फाइनल मुकाबले में माही के अधूरे सपने को पूरा होता हुआ देखना चाहता हूं। अपने दोस्तों के साथ शाहदरा के सिनेमा हॉल में बड़े पर्दे में देखूंगा।
-अरविंद यादव, छात्र
अगर आज का मुकाबला भारतीय टीम जीतता है, तो केवल टीम की ही नहीं बल्कि 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों की जीत होगी। 2011 के वर्ल्ड कप मैच की शाम की तरह आज भी दिवाली होगी। कोई नहीं सोएगा।
-कबीर, छात्र
मैं लखनऊ से हूं, यहां पत्रकारिता की पढ़ाई करने आई हूं। क्रिकेट की ओर मेरा रुझान काफी है। मैंने आज दोस्तों के साथ साकेत में बड़ी एलसीडी स्क्रीन पर इस मुकाबले को देखने का प्लान बनाया है। इस बार ट्रॉफी भारत की झोली में ही आएगी।
-प्रज्ञा, छात्रा
भारत की जीत के लिए कांग्रेस नेताओं ने गुरुद्वारे में की अरदास
क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत की कामना के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शनिवार को माता सुंदरी गुरुद्वारा में अरदास की।पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि भारत रविवार को इतिहास रचने मैदान में उतरेगा। जीत से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा।
लवली के साथ के साथ प्रदेश कांग्रेस के नेता जितेन्द्र कुमार कोचर, जगजीत सिंह सिक्का, सुनील बजाज, अमनदीप सिंह सूदन, सरबजीत सिंह, राजेन्द्र सिंह, केबी सिंह, जगजीवन शर्मा, हरनाम सिंह, लक्ष्मण रावत, राजीव वर्मा, अनुज आत्रेय, लक्की तलवार, पवन वशिष्ठ ने भी भारतीय टीम की जीत की अरदास की।
लवली ने कहा वैसे तो ये पूरे भारत के लोगों की टीम है, लेकिन इस विजय में खास तौर पर दिल्ली निवासी विराट कोहली और श्रेयस अय्यर से हमें बहुत उम्मीद है। उम्मीद है सेमी फाइनल की तरह फाइनल मैच में भी सभी खिलाड़ियों के साथ ये दोनों भारत की जीत में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।
लवली ने कहा कि इस समय भारतीय टीम पूरी तरह संतुलित है और सारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के साथ देश को विश्व कप में विजय दिलाने को तैयार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरी टीम धैर्य का परिचय देते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी तरह पराजित करेगी, जैसे अभी तक सभी विरोधी टीमों को हराया है।