महिला के विवाद में बीच-बचाव करने आया तो मारा चाकू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानेसर गांव में कपड़े की दुकान चलाने वाली महिला और युवक के बीच सोमवार को हुई कहासुनी में मकान मालिक को बीच-बचाव करना महंगा पड़ गया। गुस्साए युवक ने दुकान मालिक को चाकू मार दिया।
घटना के बाद गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने सोमवार को ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे भोंडसी जेल भेज दिया गया।
मानेसर गांव के अजय कुमार (38) की पीपल मार्केट में कई दुकानें है। एक महिला ने यहां कपड़े की दुकान खोल रखी है। पुलिस के मुताबिक सोमवार को गांव का ही युवक सूबे यहां पहुंचा और महिला से गाली गलौच करने लगा।
महिला के विरोध पर उलझा था युवक
महिला के विरोध करने पर वह उससे उलझ पड़ा। हंगामे की सूचना के बाद अजय वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। यह बात सूबे को नागवार गुजरी और वह महिला को छोड़ अजय से उलझ गया और उसे चाकू मार दिया।
चाकू लगने के बाद अजय जख्मी होकर जमीन पर गिर गया। इस घटना से आसपास अफरा तफरी मच गई। मौके से आरोपी युवक फरार हो गया। सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल अजय को रॉकलैंड अस्पताल में दाखिल कराया।
मानेसर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर सोमवार को ही आरोपी सूबे के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।