Weather: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, जानें अगले हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मौसम में हुए बदलाव से अभी एक सप्ताह तक मौसम सुहावना ही बना रहेगा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण बारिश की संभावना नहीं है...
विस्तार
मार्च के अंतिम सप्ताह में जहां मौसम जहां गर्म होना शुरू हो जाता है, वहीं पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे उत्तर भारत में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जहां बारिश हो रही है, वहीं पहाड़ी इलाकों पर ताजा बर्फबारी हो रही है जिससे मौसम सुहाना बना हुआ है। देखें उत्तर भारत के तमाम राज्यों में कैसा है मौसम...
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश से मौसम ठंडा हो गया। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। वहीं शुक्रवार दिन और रात में बारिश के बाद शनिवार सुबह धूप खिलने से मौसम काफी अच्छा हो गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मौसम में हुए बदलाव से अभी एक सप्ताह तक मौसम सुहावना ही बना रहेगा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण बारिश की संभावना नहीं है और तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिलेगी। पूरे सप्ताह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 30 मार्च के बाद से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश और चाटियों पर बर्फबारी हुई है। राज्य में दो नेशनल हाईवे समेत 15 सड़कें बंद हैं। 322 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं। पांच पेयजल स्कीमें प्रभावित चल रही हैं।
चंबा, रोहतांग और जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी हुई है। चंबा जिले के चुराह उपंमडल की ग्राम पंचायत टेपा में सुबह हल्का हिमपात हुआ। लंगेरा में 4 से 5 इंच बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला में सुबह झमाझम बारिश हुई। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और छात्रों को स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आज भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
जम्मू
मार्च के आखिरी सप्ताह में भी मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी से ठिठुरन का अहसास बढ़ा है। दिन के तापमान में गिरावट आई है। खराब मौसम के कारण कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित रही। जिला राजोरी, पुंछ और शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड पर बर्फबारी हुई है। यह मार्ग पहले से बंद चल रहा है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में खराब मौसम के कारण भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश
यूपी के कई जिलों में मौसम का मिजाज शनिवार सुबह बदला रहा। हालांकि, 10 बजे के करीब धूप निकल आई और मौसम सामान्य नजर आने लगा। कई जिलों में सुबह बारिश हुई तो कई जगह तेज हवाएं चलीं और बादल छाए रहे।
बलरामपुर जिले में हवाओं के साथ शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुबह बारिश हुई जिससे शहरी इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण गेहूं, सरसो, मसूर व मटर की फसल को नुकसान हो रहा है। मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उत्तराखंड
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार रात की बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ गई है। वहीं आज शनिवार सुबह गंगोत्री हाईवे धरासू बैंड के पास मलबा व बोल्डर आने से बंद हो गया।
छोटे वाहनों को कल्याणी धरासू फेड़ी मार्ग से डायवर्टकिया गया, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही थमी हुई है। उत्तराखंड में चार दिन तक लगातार हिमपात से उच्च हिमालयी क्षेत्रों की चोटियां लकदक हो गई हैं। मार्च में जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमवीर माइनस 20 डिग्री तापमान में ड्यूटी कर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।