Israel-Iran War: ईरान में युद्ध, अपनों की चिंता में भारतीय, फिक्र के मारे गले से नहीं उतर रहा निवाला
ईरान में संचार की व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे वहां फंसे लोगों के परिजन की चिंता बढ़ गई है। परिवार के लोग उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
विस्तार
इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने भारतीय परिवार की चिंता बढ़ा दी है। वह अपने रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनका फोन नहीं लग रहा है। युद्ध की खबर मिलने के बाद से ही परिवार को अपनों की फिक्र खाए जा रही है। अपनों की याद में परिवार के मुंह से निवाला भी नहीं उतर रहा है। परिवार में कई सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपनों के लिए खैर की दुआ कर रहे हैं। बार-बार सोशल मीडिया के जरिए बात करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बावजूद परिवार के सदस्य ईरान में फंसे परिवार से बात नहीं कर पा रहे हैं। बताया जा रहा है कि युद्ध के बाद से ही ईरान में संचार व्यवस्था ठप पड़ी है। ऐसे में परिवार के लोग टीवी चैनलों और सोशल मीडिया के जरिए पल-पल की खबर देख रहे हैं।
गौतमपुरी, पूर्वी दिल्ली निवासी हुसैन अब्बास आबदी ने बताया कि उनके साला और उनके दोस्त ईरान में ही रहते हैं। उनके साला कुन्नी मूल रूप से आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वह शादीशुदा है। उनके दो बच्चे भी हैं। परिवार के भरण पोषण के लिए वह ईरान चले गए और वहीं काम करने लगे। जब से हुसैन को पता चला कि इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू हो गया है। वह अपने साला कुन्नी को फोन कर करके परेशान हो चुके हैं, लेकिन उनसे किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पा रहा है।
सुबह से कई बार बात करने की कोशिश की गई है, लेकिन कुछ भी अता-पता नहीं चल रहा है। वह बताते हैं कि कुन्नी की वजह से उनकी पत्नी भी बहुत परेशान है। उन्हें अपने भाई की फिक्र सता रही है। उनकी याद में कुछ भी अच्छा नहीं लग रहा है। ठीक से खाना-पीना भी नहीं हो रहा है। इसके अलावा हुसैन ने बताया कि उनके कक्षा के सहपाठी ताहिर जाफरी भी ईरान में फंस गए हैं। उसने ताहिर के साथ बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई की थी। बाद में, ताहिर उच्च तालीम हासिल करने के लिए ईरान चले गए।
उनकी भी कोई खैरख्वाह नहीं मिल पाई है। उनको कई बार फोन किया, लेकिन उनका फोन बंद बता रहा है। सोशल मीडिया के जरिए भी उनसे राब्ता करने की कोशिश की गई है, लेकिन वहां पर भी उनसे संपर्क नहीं हो पाया। ऐसे में परिवार में गम और चिंता का माहौल है। अब्बास का कहना है कि परिवार वाले उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनसे बात हो सके।