सीएम योगी का नोएडा आगमन आज, अफसरों की बढ़ीं धड़कनें, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की समीक्षा बैठक में सात बिंदुओं पर भविष्य की रूपरेखा तय होगी। यह अगले दो वर्ष की संभावित योजना पर आधारित होगी। इस बाबत बृहस्पतिवार को दिनभर नोएडा प्राधिकरण में बैठकों का दौर चलता रहा।
बैठक के लिए प्रस्तुतिकरण तैयार किया गया। साथ ही, बुकलेट भी बनाई गई हैं जिसमें सभी प्रोजेक्टों का विवरण उपलब्ध होगा। बैठक में प्राधिकरण के सीईओ, एसीईओ, ओएसडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
इन पर होगी बातचीत
1. बैठक में लैंड बैंक विकसित करने का प्रयास और उपलब्धियों पर चर्चा होगी। इसमें तीनों प्राधिकरणों के क्षेत्रों में बची हुई भूमि के उपयोग पर मंथन होगा। इसमें यह भी बताया जाएगा कि इससे कैसे राजस्व की प्राप्ति होगी।
2. प्राधिकरण में अवस्थापना सुविधाओं की प्रगति की भी समीक्षा होगी।
3. जिले में औद्योगिकीकरण के लिए विभिन्न उद्योगों व उद्यमियों को जो भूमि आवंटित की गई है उसकी अब तक की रिपोर्ट भी मांगी जाएगी।
4. कितने उद्योग सक्रिय अवस्था में हैं। इसकी वास्तविक स्थिति क्या है।
5. ग्रुप हाउसिंग की हालत पर भी बातचीत की जाएगी। इसमें कितने प्रोजेक्ट में कहां-कहां क्या स्थिति है। इस पर भी बातचीत होगी।
6. यही नहीं ठप पड़े प्रोजेक्टों को शुरू करने के लिए किए जा रहे प्रयासों व उपलब्धियों पर भी रिपोर्ट मांगी जाएगी।
7. शहर में चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। इसमें यह बताया जाएगा कि अमुक प्रोजेक्ट कब तक पूरे हो जाएंगे।
पुलिस ने किए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय जाएंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर एसएसपी वैभव कृष्ण ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। सड़क मार्ग के गुजरने के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं, प्राधिकरण कार्यालय पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। लगभग 800 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
हालांकि, इस दौरान कोई रूट डायवर्ट नहीं किया गया जाएगा, लेकिन जिस दौरान मुख्यमंत्री का काफिला मार्ग से गुजरेगा, उस दौरान कुछ देर के लिए यातायात रोका जाएगा। पुलिस ने शहर में वाहन व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग शुरू कर दी है। इधर, नॉलेज पार्क क्षेत्र में कांग्रेस प्रवक्ता मनोज चौधरी के बुजुर्ग पिता से हुई अभद्रता के मामले में भी लोग मुख्यमंत्री से मिलने की बात कर रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा में करीब पांच घंटे रहेंगे मुख्यमंत्री, बिल्डर, बायर्स, उद्यमी व संगठनों से मिलेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर बाद तीन बजे तीनों प्राधिकरणों के साथ बैठक करेंगे। नौवीं बार जिले में आ रहे योगी ग्रेनो प्राधिकरण आकर समीक्षा करने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री होंगे। उनके दौरे से तीनों प्राधिकरणों व पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। सीएम नोएडा एयरपोर्ट, प्राधिकरण कर्मियों के स्थानांतरण, सीएजी जांच जैसे मुद्दों पर भी सवाल कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री हिंडन एयरपोर्ट से दोपहर 2:30 बजे चलेंगे। दोपहर 2:45 बजे उनका हेलीकॉप्टर ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से दोपहर 2:55 बजे कार से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचेंगे। तीन बजे बैठक शुरू होगी। सबसे पहले नोएडा, फिर ग्रेटर नोएडा और अंत में यमुना प्राधिकरण की समीक्षा करेंगे। विगत दो वर्षों में प्राधिकरणों ने जिन कार्यों को कराया है उसका ब्योरा लेंगे। साथ ही, 2022 तक जो कार्य होने हैं उसकी रूपरेखा तय करेंगे।
करीब एक घंटे तक समीक्षा बैठक चलेगी। शाम 5 बजे से नोएडा-ग्रेनो के उद्यमियों से मिलेंगे। शाम 5 बजे से खरीदारों से मिलेंगे और छह बजे बिल्डरों के साथ बैठक होगी। शाम 7 बजे से वे विभिन्न किसानों व सामाजिक संगठनों से मिलेंगे। करीब 8 बजे तक सीएम यहां रहेंगे। उसके बाद दिल्ली जाएंगे।
सीएम के दौरे के कारण न सिर्फ प्राधिकरण के दफ्तर को चमकाया जा रहा है, बल्कि शहर को भी चमकाने में कर्मचारी जुटे हैं। एक्सपो मार्ट से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तक के रास्ते को चमका दिया गया है। इसी बहाने पेड़ों को भी पानी नसीब हो गया है। झाड़ियों को काटकर पौधे लगा दिए गए हैं। रंगाई-पुताई का काम पूरा हो चुका है। यमुना प्राधिकरण भी पीछे नहीं है। वहां भी रंगाई-पुताई की गई है।
आज शाम रूट देखकर ही निकलें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सड़क मार्ग से दिल्ली वापसी के लिए ट्रैफिक पुलिस अलर्ट हो गई है। शाम 7 बजे के आसपास ग्रेटर नोएडा के डिपो मेट्रो स्टेशन से परी चौक तक रूट डायवर्जन किया जा सकता है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से डीएनडी तक भी जरूरत पड़ने पर वाहनों का रूट बदला जा सकता है। ऐेसे में शाम को ट्रैफिक का हाल जानकर ही घर या दफ्तर से निकलना उचित होगा।