गाजियाबादः बेकाबू कार ने 5 को उड़ाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित अटल चौक के पास सेक्टर-15 में मंगलवार को कार सवार युवक पांच लोगों को टक्कर मारने के बाद खुद भी घायल हो गया। घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को वसुंधरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात तक इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी। जानकारी के अनुसार, वसुंधरा सेक्टर-15 निवासी अरुण कुमार दोपहर करीब ढाई बजे कार से सेक्टर-15 स्थित अपने फर्नीचर शोरूम जा रहा था। अटल चौक से सेक्टर-15 की ओर मुड़ते ही अचानक उसकी कार अनियंत्रित हो गई।
कार बाइकसवार युवकों को रौंदती हुई आगे बढ़ गई। अरुण कार पर नियंत्रण नहीं बना सका, कार ने रिक्शे में टक्कर मारी और बाइकसवार दंपति को रौंदती हुई सामने खड़ी कार से जा टकराई।
हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने तुरंत अरुण को क्षतिग्रस्त कार से निकाला। इसके बाद सभी घायलों को वसुंधरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
दो की हालत बेहद गंभीर
घटना में कार और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एसओ हरिदयाल यादव ने बताया कि अभी तक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
घायलों का इलाज कर रहे डॉ. आरएस कसाना ने बताया कि नंदग्राम निवासी दंपति अश्वनी और मन्नू की हालत गंभीर है। दोनों के सिर और हाथ पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
रिक्शा चालक फिरोज निवासी वसुंधरा और बाइकसवार दिल्ली के रहने वाले यशपाल सिंह और रंजीत के भी सिर हाथ पैरों में चोटें आई हैं। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है। उधर अरुण कुमार ने बताया कि कार अचानक अनियंत्रित हो गई, जिसके कारण हादसा हुआ।