Delhi: लॉरेंस गिरोह के तीन शार्पशूटर गिरफ्तार, व्यापारी से सुरक्षा के नाम पर मांगी थी 20 लाख रुपये की फिरौती
जबरन वसूली करने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के तीन शार्पशूटर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जबरन वसूली के एक मामले में वांछित लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के तीन कथित शार्पशूटरों को पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके से पकड़ लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के रोहिणी में जबरन वसूली करने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के तीन शार्पशूटर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जबरन वसूली के एक मामले में वांछित लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के तीन कथित शार्पशूटरों को पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके से पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान कृष्णा नगर निवासी उदित साध (31), नांगलोई निवासी अनीश कुमार उर्फ मिंटू (42) और निहाल विहार के मोहित गुप्ता (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि 23 जून को पुरानी दिल्ली के लाजपत राय मार्केट स्थित एक व्यापारी को जबरन वसूली का फोन आया, जहां आरोपी ने उसे लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दी और सुरक्षा राशि के रूप में 20 लाख रुपये की मांग की। पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि, वे शिकायतकर्ता को तिहाड़ जेल के पास के इलाके से फोन करते थे, इसलिए पुलिस और शिकायतकर्ता ने यह मान लिया कि कथित कॉल करने वाला जेल में ही था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि जबरन वसूली मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के तीन अपराधी शामिल थे।
3 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रोहिणी के जापानी पार्क के गेट नंबर-3 के पास आएंगे। विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष शाखा) एचजीएस धालीवाल ने कहा कि जाल बिछाया गया और उन्हें रात करीब 10.20 बजे पकड़ लिया गया। पुलिस ने कहा कि उनके कब्जे से दो सिंगल-शॉट पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि साध लाजपत राय मार्केट में एक दुकान चलाता था और इलाके के कई थोक विक्रेताओं को जानता था। उसने लोगों को धोखा देना शुरू कर दिया और 2015 में जेल चला गया। जेल में उसकी मुलाकात सह-आरोपी अनीश और बिश्नोई गिरोह के सदस्यों से हुई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर व्यापारियों को धमकाने की साजिश रची, क्योंकि वे जानते थे कि उसके नाम पर उन्हें जबरन वसूली की रकम आसानी से मिल जाएगी।