दिल्ली का हाल: वाहनों के जहरीले धुएं ने बढ़ाया संकट, प्रदूषण तीन साल में सबसे अधिक; आंख-सांस की तकलीफें बढ़ीं
शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 18.5%, पराली की 5.3% होने का अनुमान है।
विस्तार
दिवाली पर फूटे पटाखों का धुआं तो छट गया है, पर दिल्ली-एनसीआर में सांसों पर संकट गहराया हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र भूरे-पीले रंग की घनी धुंध की चादर में लिपटा मिला। वाहनों से निकले जहरीले धुएं ने संकट और बढ़ा दिया। कुल प्रदूषण में इसका हिस्सा 16% रहा। इससे लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ा।
हवा की सेहत खराब हुई तो दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक एक दिन पहले के 313 से बढ़कर 393 पर पहुंच गया। दिवाली से पहले वाले सप्ताह में दिल्ली में पीएम2.5 का औसत स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यह तीन वर्षों में इस अवधि का सबसे अधिक स्तर था। वर्ष 2025 में पीएम2.5 का औसत 120, वर्ष 2024 में 179 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था।
यानी इस साल यह स्तर पिछले वर्ष की तुलना में 97% और 2024 के मुकाबले 32% अधिक रहा। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) के विश्लेषण के मुताबिक अक्तूबर से नवंबर 2026 के मध्य तक दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण पिछले वर्षों की समान अवधि की तुलना में अधिक रहा। विशेषज्ञों ने चेताया है कि लंबे समय तक पीएम2.5 के संपर्क में रहने से यह फेफड़ों की गहराई और रक्तप्रवाह में पहुंचकर कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है।
- दिल्ली के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के अनुसार, संकट पटाखों या पराली जलाने से से नहीं, वाहनों से निकले धुएं के चलते ज्यादा गहराया है। प्रदूषण में वाहनों से निकले धुएं की हिस्सेदारी 16%, पराली की 8.9% रही। शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 18.5%, पराली की 5.3% होने का अनुमान है।
दिल्ली के 24 केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बृहस्पतिवार रात 12 बजे दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से 24 में एक्यूआई 400 के पार रहा। आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई सबसे अधिक 479 रहा। 42 केंद्रों में 300 से अधिक रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दियों में वाहनों पर पाबंदी जैसे अल्पकालिक उपायों के बजाय स्थायी समाधान तलाशने की जरूरत है।
दिल्ली की हवा में ही बन रही प्रदूषण की नई परत
दिल्ली में प्रदूषण की चर्चा होते ही जहन में गाड़ियों की कतारें, निर्माण स्थलों से उड़ती धूल, कारखानों की चिमनियां और पंजाब-हरियाणा में पराली जलने से उठने वाले धुएं की तस्वीर उभरती है। लेकिन भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के 11 नवंबर के ताजा आकलन ने प्रदूषण की एक ऐसी अनदेखी परत का खुलासा किया है, जो दिल्ली की हवा में ही बन रही है। प्रदूषण नियंत्रण की मौजूदा रणनीति पर सवाल खड़ा करती है।
आकलन के मुताबिक, दिल्ली के पीएम 2.5 में 34.6 फीसदी हिस्सेदारी सेकेंडरी एयरोसोल की है। ये ऐसे बेहद बारीक कण हैं, जो किसी चिमनी या गाड़ी के धुएं से सीधे नहीं निकलते, बल्कि हवा में मौजूद गैसों के आपस में और सूर्य की रोशनी के संपर्क में आने से होने वाली रासायनिक प्रतिक्रियाओं के बाद बनते हैं। इनमें 22.7 फीसदी हिस्सेदारी सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल और 11.9 फीसदी सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एयरोसोल की है। सरल शब्दों में कहें तो दिल्ली की हवा में मौजूद जहर का लगभग एक-तिहाई हिस्सा सीधे उत्सर्जित नहीं होता, बल्कि वातावरण में ही बनता है।
स्रोतों का नया गणित
ईआईटीएम के अनुसार घरेलू स्तर पर ठोस जैव ईंधन और गोबर के उपले जलाने से 22.3 फीसदी, वाहनों से 20.2 फीसदी और मिश्रित ईंधन जलाने से 10.6 फीसदी प्रदूषण होने का अनुमान है। यानी जहां ग्रैप के तहत निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और वाहनों पर सबसे ज्यादा नजर रखी जाती है, वहीं घरों में जलाया जाने वाला ईंधन और वातावरण में होने वाली रासायनिक प्रक्रियाएं भी प्रदूषण के बड़े हिस्से के लिए जिम्मेदार हैं।
दिल्ली को सबसे ज्यादा प्रदूषित कर रहे पड़ोसी
दिल्ली की हवा में सांस लेने वाले लोगों के फेफड़ों तक पहुंचने वाले प्रदूषण का बड़ा हिस्सा शहर की सीमाओं के बाहर से आ रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के पीएम 2.5 में स्थानीय स्रोतों की हिस्सेदारी 38 फीसदी है, जबकि 62 फीसदी प्रदूषण बाहरी क्षेत्रों से आ रहा है। झज्जर, गुरुग्राम, सोनीपत, रोहतक, मुजफ्फरनगर और पराली जलाने सहित अन्य बाहरी स्रोतों का योगदान मिलाकर यह आंकड़ा 62 फीसदी पहुंचता है।
दिल्ली की दमघोंटू हवा पर एनएसयूआई का प्रदर्शन, सरकार से कार्रवाई की मांग
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और जहरीली हवा के खिलाफ एनएसयूआई ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। रायसीना रोड स्थित एनएसयूआई मुख्यालय के बाहर राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। उन्होंने सरकार से प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दिल्ली की खराब हवा लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है, लेकिन सरकार इस समस्या से निपटने में नाकाम साबित हो रही है। प्रदर्शन में कार्यकर्ता मास्क लगाकर हाथ में ऑक्सीजन सिलेंडर लिए रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हवा में कैसे बनता है प्रदूषण?
गाड़ियों, उद्योगों और ईंधन जलाने से सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और वाष्पशील कार्बनिक यौगिक जैसी कई गैसें हवा में पहुंचती हैं। ये गैसें वातावरण में मौजूद अन्य रसायनों और सूर्य की रोशनी के संपर्क में आकर रासायनिक प्रतिक्रियाएं करती हैं। इस प्रक्रिया में इनका कुछ हिस्सा 2.5 माइक्रोमीटर से भी छोटे ठोस कणों या तरल बूंदों में बदल जाता है। यही कण हवा में तैरते रहते हैं और पीएम 2.5 का हिस्सा बन जाते हैं।
सड़कों पर एंटी स्मॉग गन से होगा छिड़काव
गाजीपुर ड्रेन के आसपास रहने वाले लोगों और यहां से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को जल्द ही धूल और प्रदूषण से कुछ राहत मिल सकती है। सड़क से उड़ती धूल और वाहनों की आवाजाही के कारण हवा में फैलने वाले बारीक कणों पर नियंत्रण के लिए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर से लैस वाहन तैनात करने की तैयारी की है। इससे नाले के आसपास की सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव किया जाएगा। खासकर उन इलाकों में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है जहां धूल हवा के साथ बस्तियों और दुकानों तक पहुंचती है।