जब डॉक्टर ने महिला टेक्नीशियन से की अभद्रता
ईएसआई मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को एक महिला टेक्नीशियन ने साथी डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाया। महिला की शिकायत पर एसजीएम नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ईएसआई सूत्रों के मुताबिक महिला टेक्नीशियन और सीनियर डॉक्टर एक साथ काम करते हैं। डॉक्टर ने ईएसआई के डायरेक्टर से महिला टेक्नीशियन की लिखित शिकायत की थी कि वह काम में लापरवाही करती है।
वहीं टेक्नीशियन ने भी डॉक्टर के खिलाफ बेवजह परेशान करने की शिकायत डायरेक्टर से की थी। मामले की जांच सीएमओ ने की थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दोनों को अलग करने के लिए डायरेक्टर ने महिला टेक्नीशियन की ड्यूटी भूतल पर लगा दी थी।
कुछ दिन काम करने के बाद टेक्नीशियन फिर ऊपर पहुुंच गई। इससे दोनों के बीच विवाद होने लगा। बृहस्पतिवार को भी किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ था।
इसके बाद महिला ने एसजीएम नगर थाने में डॉक्टर की शिकायत की। एसएचओ शिव कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।