गला घोंटकर जहर खिलाया, पड़ोसी ने बचाई शालू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रईसपुर गांव में एक बहू ने ससुरालियों पर जहर देकर उसकी हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि ससुरालियों ने रस्सी से उसका गला घोंटा और जबरन जहर खिलाया।
चिल्लाने की आवाज सुन पड़ोसियों ने उसे बचाया और उसके परिजनों व पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया, उसकी हालत गंभीर है।
महिला के पिता की तहरीर पर कविनगर पुलिस ने पति, सास, ससुर, दो देवर और ननद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
देवर भी शालू से आए दिन मारपीट करता था
मूलरूप से मुजफ्फरनगर निवासी ब्रह्मपाल सिंह ग्रेटर नोएडा के चिपियाना गांव में रहते हैं। ब्रह्मपाल के मुताबिक, 23 अप्रैल 2014 को बेटी शालू (21) की शादी रइसपुर गांव निवासी दूध कारोबारी मनवीर चौधरी के बेटे मनोज से की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए शालू को प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि देवर भी आए दिन मारपीट करता था। देवर ने परिजनों के साथ मिलकर शालू को घर से निकाल दिया।
दोनों परिवार में समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई। पंचायत के फैसले के बाद शुक्रवार को शालू अपने मायके से ससुराल गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे घर से बाहर निकालने की कोशिश की।
इससे पहले जलाकर मारने की कोशिश की थी
विरोध पर सास विमलेश और देवर सोनू ने महिला को प्रताड़ित किया। रस्सी से गला घोंटने की कोशिश की, ननद सरिता ने शालू को जहर खिलाया। महिला की तबियत बिगड़ गई।
शोर सुनकर पड़ोसियों ने महिला को बचाया। ब्रह्मपाल ने बेटी के ससुर मनवीर चौधरी, सास विमलेश, पति मनोज चौधरी, देवर सोनू, मोनू और ननद सरिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, आरोपी फरार है। एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शालू के परिजनों ने बताया कि एक माह पहले ससुराल वालों ने उसे जलाकर मारने की कोशिश की थी। परिजन थाने में शिकायत करने जाने लगे तो ससुराल वालों ने मिन्नतें कर उन्हें रोक लिया। दोबारा प्रताड़ित न करने का आश्वासन दिया तो समझौता कर लिया था।