Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में धुंध की चादर, पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम
राजधानी में हवा की दिशा व गति बदलने से आबोहवा में थोड़ा सुधार हुआ है मगर दिल्ली-एनसीआर में धुंध छाई हुई है। आबादी वाले इलाकों के साथ ही खुले क्षेत्रों में धुंध की चादर गहरा गई है। दृश्यता में कमी है।
विस्तार
राजधानी में हवा की दिशा व गति बदलने से आबोहवा में थोड़ा सुधार हुआ है मगर दिल्ली-एनसीआर में धुंध छाई हुई है। आबादी वाले इलाकों के साथ ही खुले क्षेत्रों में धुंध की चादर गहरा गई है। मौसम में ठंडक बढ़ी है। दृश्यता में कमी है। सवेरे 6 बजे पालम हवाई अड्डे पर:दृश्यता 100 मीटर से भी कम रही।
#WATCH | Delhi: A layer of smog engulfs the area surrounding Rail Bhawan area as the Air Quality Index (AQI) across Delhi continues to be in 'Very Poor' category in several areas as per the Central Pollution Control Board (CPCB). pic.twitter.com/mPDBBIPiXG
— ANI (@ANI) November 13, 2024
मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 334 दर्ज किया गया, जोकि बेहद खराब श्रेणी में है। इसमें सोमवार की तुलना में 18 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। दिन भर स्मॉग की चादर छाई रही। इससे लोगों को आंखों में जलन व सांस लेने में परेशानी हुई महसूस की। वहीं, सुबह स्मॉग और धुंध की वजह से दृश्यता में गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग एयरपोर्ट में सुबह 7:30 बजे दृश्यता 1000 मीटर रिकॉर्ड की गई। साथ ही, पालम में सुबह आठ बजे दृश्यता 1000 मीटर रही। इससे वाहन चालकों को दूर तक साफ-साफ देखने में परेशानी हुई।
डिसिजन स्पोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के मुताबिक हवा में पराली से होने वाली वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी सबसे अधिक 18.094 फीसदी रही। जबकि ट्रांसपोर्ट से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 15.493 फीसदी, कूड़ा जलने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 1.417 फीसदी रही। सीपीसीबी के अनुसार शुक्रवार तक वायु प्रदूषण की यही स्थिति रहने वाली है। इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। ऐसे में लोगों को बेहद खराब हवा में सांस लेने को मजबूर होना पड़ेगा।
आज से बदलेगी हवा की दिशा
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक आज से हवा की दिशा बदलेगी। इस दौरान उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चलेंगी। वहीं, हवा की चाल दो से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे रहने की आशंका है। इससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ने का अनुमान है। उधर, बृहस्पतिवार को हवा विभिन्न दिशा से चलने का अनुमान है। इस दौरान हवा दो से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेंगी। वहीं, शुक्रवार को हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने का अनुमान है। इस दौरान हवा की चाल आठ से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे रहेगी।
एनसीआर के शहरों का एक्यूआई
- दिल्ली-------334
- ग्रेटर नोएडा---277
- गाजियाबाद----245
- नोएडा-------222
- गुरुग्राम------219
- फरीदाबाद-----198
(नोट : आंड़के सीपीसीबी के अनुसार हैं)
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अधिकतम एक्यूआई दर्ज
- आनंद विहार-------405
- जहांगीरपुरी--------387
- वजीरपुर----------384
- रोहिणी-----------376
- मुंडका-----------372
- बवाना-----------365
- पंजाबी बाग--------359
- सोनिया विहार------366
- चांदनी चौक-------362
- विवेक विहार-------354
(नोट : यह सभी आंकड़े सीपीसीबी के मुताबिक)
आज से बढ़ेगी ठंड
राजधानी में आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा। पहाड़ों पर बर्फबारी होना शुरू हो गई है। वहां से आने वाली हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड का अहसास कराएगी। बृहस्पतिवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को कुछ स्थानों पर सुबह स्मॉग, हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा व धुंध रहने की संभावना है। शाम व रात में स्मॉग-धुंध की संभावना है। इस दौरान मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा।
अधिकतम 32 तो न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रहेगा तापमान
ऐसे में अधिकतम 32 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। राजधानी में सुबह व शाम हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक के साथ 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक के साथ 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
खुले में आग जलाने वालों के खिलाफ चलेगा अभियान
दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने को लेकर दिल्ली सरकार ने एंटी ओपन बर्निंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए अन्य आवश्यक कदमों के साथ रात में ड्यूटी करने वाले सुरक्षा गार्डों को इलेक्ट्रिक हीटर वितरित किए जाएंगे।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में विंटर एक्शन प्लान के तहत सुरक्षा गार्डों को बिजली के हीटर वितरित कर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विभाग को आदेश दिया गया है कि वे भी अपने-अपने यहां नाइट शिफ्ट में काम करने वाले गार्ड व कर्मचारियों को हीटर उपलब्ध करवाएं।
राय ने कहा कि सर्दियों के मौसम में होने वाले प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए 25 सितंबर को 21 फोकस प्वाइंट पर आधारित विंटर एक्शन प्लान की सरकार द्वारा घोषणा की गई थी। इसके आधार पर संबंधित विभागों ने इसे जमीन पर लागू करने के लिए कार्य कर रही है। सरकार प्रदूषण कम करने के लिए कई अभियान चला रही है, जैसे एंटी डस्ट अभियान, बायो डिकंपोजर का छिड़काव, पौधारोपण और जागरूकता अभियान।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.