मीडियाकर्मी को दिखाई रिवॉल्वर, मुख्यमंत्री के पास पहुंच गया ट्वीट
मीडियाकर्मी की कार को एक सुरक्षा कंपनी संचालक की फॉर्च्यूनर कार ने टक्कर मार दी। सुरक्षा कंपनी संचालक ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए मीडियाकर्मी और उनकी पत्नी को रिवॉल्वर दिखाकर धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने फिर से उनकी कार में अपनी कार से टक्कर मार दी। पीड़ित ने उसकी कार का फोटो खींचकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ट्वीट के जरिए घटना से अवगत कराया।
सीएम ने कार्रवाई के लिए आईजी एसटीएफ सुजीत पांडे को ट्वीट भेजा। एसटीएफ नोएडा ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रिवॉल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
अंग्रेजी अखबार में कार्यरत है मीडियाकर्मी
घटना सोमवार दोपहर की है। अंग्रेजी अखबार में कार्यरत एक मीडियाकर्मी कार से पत्नी के साथ सेक्टर- 51 जा रहे थे। होशियारपुर ट्रैफिक सिग्नल के पास उनकी कार में फॉर्च्यूनर कार ने टक्कर मार दी।
मीडियाकर्मी ने फॉर्च्यूनर कार सवार शख्स को ठीक से ड्राइव करने की नसीहत दी। वह शख्स कार से बाहर निकला और उसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर मीडियाकर्मी तथा उनकी पत्नी से बदसलूकी की।
रिवॉल्वर दिखाकर उन्हें धमकी देने लगा। इसी दौरान पीड़ित की पत्नी ने फॉर्च्यूनर की फोटो खींच ली। जाते वक्त आरोपी फॉर्च्यूनर कार चालक ने पीछे कर फिर से उनकी कार में टक्कर मार दी।
मुख्यमंत्री ने तत्काल ट्वीट आइजी एसटीएफ के पास भेजा
मुख्यमंत्री ने तत्काल ट्वीट आइजी एसटीएफ के पास भेजा। एसटीएफ नोएडा की टीम ने फॉर्च्यूनर कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए उसके मालिक का पता लगाया। सेक्टर-24 पुलिस की सहायता से पर्थला खंजरपुर निवासी देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। वह सेना से रिटायर्ड है।
नोएडा जिले की रजिस्टर्ड कार और घटना भी इसी जिले में हुई। बावजूद उसके सीएम ने घटना की जानकारी नोएडा पुलिस को नहीं दी। सीएम ने नोएडा पुलिस के अधिकारियों से ज्यादा उपयुक्त एसटीएफ को समझा और फौरन ट्वीट एसटीएफ आईजी सुजीत पांडे को भेज दिया।
सुजीत पांडे पूरे मामले की जांच कर आरोपी फॉर्च्यूनर चालक की गिरफ्तारी का जिम्मा डीएसपी राजकुमार मिश्रा को सौंप दिया।