सुनहरा मौका : साइकिल संग सेल्फी दिखाएं, 50% छूट पाएं
नोएडा के सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट और साइकिल को बढ़ावा देने के लिए खरीदारी पर खास डिस्काउंट ऑफर देना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा छूट खाने-पीने की चीजों पर दी जा रही है।
कुछ रेस्तरां और बार प्रबंधक साइकिल से आने वाले लोगों को 50 फीसदी तक छूट देने का दावा कर रहे हैं। फिलहाल खरीदार सेक्टर-18 की पार्किंग में साइकिल के साथ सेल्फी लेकर भी छूट का लाभ उठा सकते हैं।
दुकानदारों ने ऑफरों की जानकारी देने के लिए दुकानों के बाहर बोर्ड लगाने भी शुरू कर दिए हैं। सेक्टर- 18 स्थित फिज्ज रेस्टोरेंट एंड बार प्रबंधक ने बताया कि साइकिल और मेट्रो से आने वाले लोगों को स्पेशल डिस्काउंट दिया जा रहा है।
डिस्काउंट लेने के लिए उन्हें मेट्रो कार्ड या फिर साइकिल का टोकन दिखाना होगा। इसके बाद ही ड्रिंक्स पर 50 फीसदी और खाने-पीने पर 15 फीसदी छूट दी जाएगी।
खाने पीने के सामान पर भी छूट
सेक्टर-18 के दूसरी महफिल रेस्टोरेंट एंड बार प्रबंधक ने बताया कि मेट्रो कार्ड दिखाने या फिर साइकिल पर आने वाले को दोपहर के खाने पर 20 फीसदी और रात के खाने के दौरान 15 फीसदी डिस्काउंट दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें मेट्रो से या साइकिल से आने का सबूत देना होगा।
वहीं मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष एस के जैन ने बताया कि मेट्रो से आने वाले लोग आसानी से मेट्रो कार्ड दिखा सकते हैं। लेकिन साइकिल वालों के लिए अभी थोड़ी परेशानी है। इसके लिए जल्द ही टोकन व्यवस्था शुरू की जाएगी।
जब तक टोकन व्यवस्था शुरू नहीं होती तब तक सेक्टर-18 की पार्किंग में साइकिल खड़ी करके उसके साथ सेल्फी लेकर दुकानदार को दिखा सकते हैं या फिर दुकान तक साइकिल लेकर आ सकते हैं।
एसोसिएशन ने दुकानदारों से भी अपील की है कि वो साइकिल से आने वाले लोगों की जांच के बाद विशेष डिस्काउंट दें।