स्कूल की लैब में मिला मानव भ्रूण, संरक्षित जानवरों के भी अंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संगम विहार स्थित टीनू पब्लिक स्कूल की बायोलॉजी लैब में मानव भ्रूण और संरक्षित जानवर व मृत पक्षी और उनके अंग मिले हैं। इनको जार में रखा हुआ था।
वन्यजीवों के लिए काम करने वाले एनजीओ पीपुल फॉर एनिमल (पीएफए) की शिकायत पर ये कार्रवाई की गई है। संगम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्जकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मानव भ्रूण समेत मृत जानवरों को जांच के लिए भेजा जाएगा और ये पता लगाया जाएगा कि वह असली हैं या नकली।
शिकायत थी कि लैब में मृत वन्य जीव व मानव भ्रूण रखे गए हैं
इस मामले में शुक्रवार शाम तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल व मालिक से पूछताछ की है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बायोलॉजी लैब में बच्चों को पढ़ाने के लिए यह रखे गए थे जबकि पुलिस के मांगने पर इसका लाइसेंस नहीं दिखा पाए।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीएफए की रेडिंग टीम के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने संगम विहार थाना पुलिस को बृहस्पतिवार को दी शिकायत में कहा था कि उन्हें काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि संगम विहार के बी-ब्लॉक स्थित टीनू पब्लिक स्कूल की लैब में मृत वन्य जीव व मानव भ्रूण को रखा गया है।
गौरव गुप्ता की शिकायत पर संगम विहार पुलिस ने स्कूल में दबिश दी। पुलिस ने स्कूल मालिक कपिल सिवास व प्रिंसिपल उर्मिला मलिक से बात की और इसके बाद स्कूल की बायोलॉजी लैब में दबिश दी।
शुरुआती जांच में कन्या भ्रूण लग रहा था
लैब में तोता, कबूतर, चिड़िया आदि रखे हुए थे। लैब में वन्य जीवों के अंग भी थे। एक जार में मानव भ्रूण रखा हुआ था। शुरुआती जांच में कन्या भ्रूण लग रहा था।
कई तरह की मृत मछलियां रखी थीं। इसके अलावा लैब में ब्लैक कोबरा, मेंढक आदि भी जार में रखे थे। गौरतलब है कि ऐसे जीवों को इस तरह रखना गैर कानूनी है।
प्रिंसिपल व स्कूल मालिक से जब इनका लाइसेंस मांगा गया तो उन्होंने लाइसेंस नहीं दिखाया। फिलहाल लैब से बरामद अंगों व मानव भ्रूण को जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले में पूछताछ करने में लगी हुई है। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया गया है।