Weather Update: सावन शिवरात्रि पर झमाझम बारिश में भीगा दिल्ली-एनसीआर, मौसम हुआ सुहावना
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से हो रही बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज सावन शिवरात्रि के मौके पर दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। सुबह से हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। जिससे यातायात प्रभावित हुआ है, सड़कों पर वाहन रेंगते दिखे। वहीं, बारिश के बीच कांवड़ियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में कांवड़िये और शिवभक्त शिवालयों में जलाभिषेक कर रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली समेत कई इलाकों में बारिश हुई थी।
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार का दिन गर्मी से राहत लेकर आया। दो दिनों से रुके बारिश के सिलसिले और उसपर उमस के सितम से लोग बेहाल थे। मंगलवार को जब जमकर बदरा बरसे तो लोग जहां तहां इसका आनंद लेते दिखे। मौसम विभाग ने आज के लिए भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई थी। इस दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।
अगले 4-5 दिनों तक मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 23 जुलाई को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बरसात होगी। अधिकतम तापमान 33 तो न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 24 से 27 जुलाई तक भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहेगा। इस बीच अधिकतम तापमान 36 तो वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
जाम ने की रफ्तार कम, लोग हुए परेशान
दिल्ली में दो दिन बाद मंगलवार को बरसे बादलों से एक तरफ दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली तो वहीं कई जगह पानी जमा होने के कारण जाम का झाम भी झेलना पड़ा। लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर गुस्सा निकाला। बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया और डामर की कई सड़कों पर गड्ढे हो गए जिससे यातायात धीमा पड़ गया। आईटीओ से ओल्ड रोहतक रोड, दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-8), महरौली-बदरपुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड, पीरागढ़ी से आईएसबीटी, मधुबन चौक, दिल्ली-गाजियाबाद मार्ग और नेशनल हाईवे-9 पर कई घंटों तक भारी जाम लगा रहा। सोशल मीडिया पर एक शख्स ने बताया कि दिल्ली-गाजियाबाद सड़क पर सिर्फ एक किलोमीटर का रास्ता पार करने में उन्हें 30 मिनट से ज्यादा का समय लग गया। वहीं, एक अन्य शख्स ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को समय पर अलर्ट जारी न करने या स्थिति को संभालने के लिए कर्मियों को तैनात न करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: Delhi : नमो भारत कॉरिडोर पर बारिश का पानी जमा करने के लिए 900 पिट्स तैयार, यह है पूरी योजना