'किसान की मौत के पीछे दिल्ली के सीएम का षड्यंत्र है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित रैली में राजस्थान के किसान गजेंद्र की आत्म-हत्या के बाद अभी उसका पोस्टमार्टम होता उससे पहले ही इस मामले पर राजनीति का गंदा खेल शुरु हो गया।
इस घटना पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यह दर्दनाक घटना है लेकिन इससे भी दुखद बात ये है कि इस घटना के बाद भी वहां राजनीति चलती रही। संबित पात्रा ने कहा कि पूरी घटना को मीडिया ने रिकॉर्ड किया लेकिन आम आदमी पार्टी के किसी नेता ने उसे बचाने के लिए मंच से उतरने की जहमत नहीं की।
संबित ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के लोगों से पूछना चाहता हूं कि जब उन्हें पता चला किसान की मौत हो गई है तो उन्होंने अपना भाषण क्यों नहीं बंद किया? उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि आप के लिए ज्यादा महत्वपूर्ण क्या है? राजनीति या किसी की जान?
यह दिल्ली के सीएम का षड़यंत्र है
हालांकि संबित ने यह भी कहा कि मैं एक डाक्टर हूं और मैं जानता हूं कि आत्महत्या में कितना कष्ट होता है। संबित ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह दिल्ली के सीएम का षड़यंत्र है। क्योंकि डाक्टर का कहना है कि जब गजेंद्र को अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि गजेंद्र की पेड़ पर चढ़ने में कुछ लोग मदद कर रहे थे और उन लोगों ने आम आदमी पार्टी की टोपियां पहन रखी थीं।
इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष भी मृत किसान को देखने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह घटना साबित करती है कि मोदी सरकार पूरी तरह कार्पोरेट की सरकार है।
दिल्ली पुलिस करेगी जांच
साथ ही यह घटना किसानों के दर्द को भी बताती है। राहुल गांधी ने कहा कि यह दुखद घटना है और उनसे जो भी मदद हो सकती वह करेंगे। राहुल के साथ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन भी मौजूद थे।
इस बीच केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने किसान की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है और दिल्ली पुलिस को इस मामले की जांच करने का आदेश दिया है। पुलिस को इस घटना की हर पहलू से जांच करने के आदेश्ा दिए गए हैं।
बता दें कि राजस्थान के दौसा जिले के नांगल झामरवाड़ा के रहने वाले गजेंद्र ने बुधवार को आम आदमी पार्टी की किसान रैली में सबके सामने आत्म हत्या कर ली थी। फिलहाल गजेंद्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दिल्ली के लेडी हार्डिंग अस्पताल भेज दिया गया है।
आप ने पुलिस को दिया दोष
इस दौरान दिल्ली के ज्वाइंट कमीश्नर एमएम मीना ने कहा कि दिल्ली पुलिस पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियादी हैं। पुलिस ने किसान को बचाने की पूरी कोशिश की थी।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस कर एक बार फिर से दिल्ली पुलिस पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस झूठ बोल रही है। उन्होंने गजेंद्र को उतारने या अस्पताल पहुंचाने में कोई मदद नहीं की।
आप नेता कुमार विश्वास ने कहा कि आम आदमी पार्टी पर आप चाहे जितने आरोप लगाइए लेकिन कम से कम उन किसानों को मुआवजा तो दे दीजिए।
आशुतोष ने दिया अजीब बयान
किसान की आत्महत्या के बाद बयानबाजी के दौर के बीच आप नेता आशुतोष ने एक ऐसा बयान दे दिया जिससे एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है।
जब किसी पत्रकार ने उनसे पूछा कि आखिर अरविंद केजरीवाल खुद पेड़ पर चढ़ कर गजेंद्र को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की तो आशुतोष ने बड़ा ही अजीब जवाब दे डाला।
उन्होंने कहा कि वो अरविंद के कहेंगे कि अगली बार जब कुछ ऐसा हो तो वह खुद पेड़ पर चढ़ें और उसे बचाने की कोशिश करें।