Delhi : बीच सड़क पर कुर्सी डाल बना रहा था रील, पुलिस ने घर जाकर दबोचा
बताया जा रहा है कि युवक इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए खुद की और दूसरों की जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट कर रहा था।
विस्तार
सोशल मीडिया पर फाॅलोअर्स बढ़ाने के लिए लोग उल्टे-सीधे तरीके अपनाते हैं। शास्त्री पार्क इलाके में भी इसी तरह का एक मामला सामने आया है। यहां इंस्टाग्राम पर रील बनाने के चक्कर में एक युवक हवालात पहुंच गया। रील बनाने के लिए आरोपी जीटी रोड पर बीच सड़क पर कुर्सी डालकर बैठ गया।
यही नहीं, आरोपी ने ट्रैफिक मेंे बीच सड़क पर बाइक भी खड़ी कर दी। पुलिस को जब इसकी भनक लगी तो आरोपी की तलाश कर उसे न्यू उस्मानपुर स्थित उसके घर से दबोच लिया। रास्ता रोककर दूसरों की जान खतरे में डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की बाइक, रील बनाने में इस्तेमाल मोबाइल के अलावा अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी का इंस्टाग्राम खाता बंद करने की सिफारिश की गई है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. जॉय टिर्की ने बताया कि पिछले कई दिनों से एक्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में एक बाइक सड़क के बीच खड़ी थी। इसी बीच एक युवक कुर्सी लेकर वहां आता है और बीच सड़क पर कुर्सी डालकर बैठ जाता है। सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन गुजर रहे हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वीडियो बनाने की बात कबूल की।