कृपया ध्यान दें: 15 अगस्त पर दिल्ली की तरफ न करें यात्रा, कई ट्रेन रहेंगी प्रभावित; यहां पढ़ लें टाइमिंग
दिल्ली में 15 अगस्त के दिन सुबह के वक्त सवा दो घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। ट्रेन के यात्री अपनी ट्रेनों का समय-सारणी पता करके ही घर से निकलें।
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस पर अगर आप ट्रेन से यात्रा करने की सोच रहे तो अपनी ट्रेनों की समय-सारणी का पता करके ही घर से निकले। सुरक्षा को ध्यान में रख कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। लालकिला पर आयोजित होने वाले समारोह की वजह से पुरानी दिल्ली से संचालित होने वाली ज्यादातर ट्रेन इससे प्रभावित रहेंगी। पुरानी दिल्ली-शाहदरा स्टेशनों के बीच चलने वाली ट्रेन सुबह 6:45 बजे से सुबह 9 बजे तक 2 घंटा 15 मिनट के लिए बंद रहेगी।
सवा दो घंटे तक ट्रेनों के परिचालन बंद होने की वजह से 04413 गाजियाबाद-दिल्ली, 04486 दिल्ली-साहिबाबाद, 05000 शामली-दिल्ली, 04447 गाजियाबाद-दिल्ली, 04940 दिल्ली- गाजियाबाद लोकल ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। कुछ ट्रेन परिवर्तित मार्ग चलाई जाएंगी। इसमें मुख्य रूप से 04339 बुलंदशर-तिलक ब्रिज स्पेशल साहिबाबाद-तिलक ब्रिज के रास्ते चलेगी वहीं 04091 खुर्जा-शकूरबस्ती स्पेशल साहिबाबाद-तिलक ब्रिज-नई दिल्ली के रास्ते चलेगी।
04404 सहारनपुर-दिल्ली जंक्शन स्पेशल, 04946 दिल्ली- गाजियाबाद स्पेशल, 18102 जम्मू तवी–टाटानगर एक्सप्रेस, 15910 लालगढ़-डिब्रुगढ अवध असम एक्सप्रेस, 12324 बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस समारोह के दौरान स्टेशन पर खड़ी रहेंगी। इसके कारण इस ट्रेन के यात्रियों को करीब दो घंटे तक ट्रेन में ही ट्रैक खुलने तक इंतजार करना होगा। इसके अलावा सिद्धबली शताब्दी एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, सहारनपुर स्पेशल, कैफियात एक्सप्रेस, मसूरी एक्सप्रेस, दिल्ली-शामली स्पेशल, दिल्ली-अलीगढ़ मेमू स्पेशल भी प्रभावित होगी। इससे यात्रियों को बृहस्पतिवार सुबह के वक्त परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सभी रेलवे स्टेशनों पर चाक-चौबंद बढ़ा
स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों पर चाक-चौबंद बढ़ा दिया गया है। नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार, हजरत निजामुद्दीन, सराय रोहिल्ला, सफदरजंग समेत अन्य रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। पार्सल की बुकिंग बंद कर दी गई है। रात में रेलवे स्टेशन से निकलने के ज्यादातर गेट को बंद किया जा रहा है वहीं बम और डॉग स्क्वायड की टीम तैनात की गई है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
प्लेटफार्म के आखिरी छोर पर भी पुलिसकर्मी तैनात है। जिससे रेलवे ट्रैक के रास्ते से रेलवे स्टेशन पर कोई नहीं पहुंच सके। क्लॉक रूम समेत वेटिंग रूम प्लेटफार्म व अन्य स्थानों पर लगातार जांच की जा रही है। संदिग्ध चीज दिखने पर पूछताछ की जा रही है। रेलवे स्टेशन के सभी अधिकारी से लेकर कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एलर्ट मोड में है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से रेलवे स्टेशन के चप्पे चप्पे पर नजर रखी जा रही हैं।