मंत्री प्रवेश वर्मा के थप्पड़ कांड पर एक्शन: पुलिस ने दर्ज की एनसीआर, आप विधायक जनरैल सिंह पर गंभीर आरोप
तिलक नगर में हुई झड़प और थप्पड़ मारने की घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने त्वरित कदम उठाया है। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है।
विस्तार
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल विवाद में अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शिकायत के आधार पर मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है।
आप विधायक के खिलाफ भी शिकायत
वहीं, इस मामले में एक नया और बड़ा मोड़ तब आया जब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों ने आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक जनरैल सिंह के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज करा दी।
प्रवेश वर्मा पर एनसीआर दर्ज
तिलक नगर में हुई झड़प और थप्पड़ मारने की घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने त्वरित कदम उठाया है। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। इस घटना के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।
पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों का 'आप' विधायक पर सनसनीखेज आरोप
एक तरफ जहां मंत्री के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई है, वहीं दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों ने 'आप' विधायक जनरैल सिंह पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इंजीनियरों ने विधायक जनरैल सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। इसमें आरोप लगाया गया है कि विधायक की ओर से अवैध रूप से पैसों की मांग (उत्पीड़न या रंगदारी) की जा रही थी।