असर पठानकोट : पाकिस्तानी शिल्पकारों का मेले से बहिष्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरीदाबाद। पठानकोट के एयरबेस पर हुए आतंकी हमले का असर यहां के सूरजकुंड मेले पर भी पड़ा है। केंद्र एवं राज्य सरकार ने घटना के बाद एक से 15 फरवरी के बीच यहां लगने वाले सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले से पाकिस्तानी शिल्पकारों का बहिष्कार कर दिया है।
इसके चलते इस बार मेले में पाकिस्तानी शिल्पकार शिरकत नहीं करेंगे। यह जानकारी खुद राज्य के पर्यटन एवं शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने शुक्रवार को यहां राजहंस होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि पठानकोट की घटना निंदनीय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में इस नासूर का अंत जरूर होगा। एक प्रश्न के जवाब में शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान के शिल्पकारों को इस बार आमंत्रित ही नहीं किया गया है।
इसके पूर्व में मंत्री ने शिल्प मेले से संबंधित पेंटिंग और ऑडियो-विजुअल को भी लांच किया। प्रेसवार्ता में विधायक मूलचंद शर्मा व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री कर सकते हैं मेले का उद्घाटन
शर्मा ने कहा कि पिछली बार इस अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में करीब 26 देशों के लोगों ने हिस्सा लिया था। 15 दिनों तक चले इस मेले में करीब 18 लाख लोगों ने शिरकत किया था। उन्होंने बताया कि इस बार मेले का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने का है।
इसके लिए उन्हें आमंत्रित भी किया जा चुका है। 24 जनवरी को उनसे व्यक्तिगत मुलाकात कर मेले में आने के लिए अपील करेंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा पर्यटन विभाग ने पूर्व संासद एवं कलाकार धर्मेेंद्र को पहले ही ब्रांड अंबेसडर बना दिया है।
वह भी मेले में शिरकत करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार एक नहीं बल्कि दो देश चीन और जापान कंट्री पार्टनर के रूप में मेले में हिस्सा लेंगे।
विद्यार्थियों के लिए मेला फ्री
पयर्टन मंत्री ने बताया कि इस बार स्कूली विद्यार्थियों और कॉलेज-यूनिवर्सिटी जाने वाली लड़कियों के लिए मेला फ्री होगा। यानि उन्हें मेले में आने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
नि:शक्तजनों के लिए भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। जबकि कॉलेज जाने वाले लड़कों के लिए टिकट में 50 फीसदी छूट देने की व्यवस्था होगी।
मेले का टिकट सभी मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डे व अन्य सार्वजनिक स्थलों से भी मिलेंगे। मेले में स्वच्छ हरियाणा, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की झलक दर्शकों को देखने को मिलेगी।
टिकट दरों में हुई वृद्धि
इस बार सूरजकुंड मेला देखना महंगा होगा। क्योंकि हरियाणा पर्यटन विभाग ने इस बार टिकट दरों में दोगुने की वृद्धि करने की घोषणा की है।
मेला प्राधिकरण के महानिदेशक विकास यादव ने बताया कि इस बार कार्यदिवस पर टिकट की दर 100 रुपये प्रति व्यक्ति होगी जबकि शनिवार-रविवार वीकेंड पर दर बढ़ाकर 120 रुपये प्रति व्यक्ति रहेगी।
जबकि पिछले वर्ष कार्यदिवस पर टिकट की दर 50 रुपये और वीकेंड पर 100 प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई थी। ऐसे में साफ है कि मेला देखने वालों को इस बार अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
पठानकोट की घटनाओं को देखते हुए मेला क्षेत्र को पांच जोन में बांटकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। हाई रेजुलेशन वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इस बार सीसीटीवी कैमरा पार्किंग स्थल से लेकर पूरे मेला परिसर में होगा।- सुमित्रा मिश्रा, वाइस चेयरमैन, मेला प्राधिकरण