{"_id":"5df7f4548ebc3e87935baa2c","slug":"ordering-online-cake-of-five-hundred-withdraw-62-thousand-rupees-from-account","type":"story","status":"publish","title_hn":"गूगल से नंबर लेकर पांच सौ का केक किया ऑर्डर, खाते से निकल गये 62 हजार रुपये","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गूगल से नंबर लेकर पांच सौ का केक किया ऑर्डर, खाते से निकल गये 62 हजार रुपये
Tue, 17 Dec 2019 02:47 AM IST
Vikas Kumar
राजीव कुमार, अमर उजाला, नई दिल्ली
राजीव कुमार, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Tue, 17 Dec 2019 02:47 AM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
गूगल के जरिये आप किसी भी दुकान या कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर लेते हैं तो सावधान रहें। गूगल से आपको नंबर तो जरूर मिल जाएगा लेकिन नंबर के सही होने का अंदाजा जब तक आपको होगा तब तक आप ठगी के शिकार हो चुके होंगे। ऑनलाइन ठगी करने वाले ठगों ने अधिकतर कस्टमर केयर नंबरों को अपने हिसाब से अपडेट कर रखा है जिसके इस्तेमाल से आप हो सकते हैं ठगी का शिकार और आपके बैंक खाते में लग सकती है सेंध। राजधानी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें एक महिला द्वारा बेकरी में पांच सौ रुपये के केक का ऑर्डर देने पर हजारों रुपये का चूना लग गया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक किरण गार्डन में रहने वाली निर्मला ने ऑनलाइन केक मंगवाने के लिए गूगल से कनॉट प्लेस के एक बेकरी का नंबर लिया। उस नंबर पर फोन कर उसने पांच सौ रुपये के एक केक का ऑर्डर दिया। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से उसके पास फोन आया और ऑर्डर के बारे में जानकारी ली गई। उसने फोन करने वाले की जानकारी लेने के बाद अपने क्रेडिट कार्ड से पांच सौ रुपये का ऑनलाइन पेमेंट भी कर दिया, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही उसके मोबाइल पर खाते से 62 हजार रुपए निकाले जाने का मैसेज आया।
विज्ञापन
निर्मला ने तुरंत अपने कार्ड को ब्लॉक करवाने के बाद बेकरी से संपर्क किया। उसने बताया कि बेकरी में केक का ऑर्डर दिया था, लेकिन बेकरी वाले ने किसी भी ऑर्डर के बुक होने से इंकार कर दिया। निर्मला के दो नंबरों पर ऑर्डर देने की बात कहने पर बेकरी के कर्मचारी ने बताया कि यह दोनों नंबर उनके नहीं हैं। ठगी का एहसास होने के बाद निर्मला ने बिंदापुर थाने में घटना की शिकायत की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच की जा रही है।
विज्ञापन