मां के सामने बेटे ने तोड़ा दम: काश मासूम की जिद पूरी न करती पूनम, समर सिंह ने दिया जिंदगीभर का गम
पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर सेक्टर-18 रोहिणी निवासी कार चालक समर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
दिल्ली के समयपुर बादली के सिरसपुर इलाके में रविवार दोपहर मां के सामने ही डेढ़ साल के मासूम को बेकाबू कार ने कुचल दिया। घायल बच्चे को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की शिनाख्त रौनक के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक की पहचान समर चौधरी के रूप में हुई है। वह एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से टाटा हैरियर कार को जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, रौनक के पिता मनोज भंडारी और मां पूनम देवी के साथ राजा विहार स्थित बालाजी नर्सरी सिरसपुर रोड के पास किराये के मकान में रहता था। उसके तीन भाई हैं। पूनम ने बताया कि उनके घर के पास ही कार वॉशिंग स्टेशन है। जहां आरोपी चालक कार की धुलाई करवाने आया था। वह बेटे को गोद में लेकर घर के बाहर निकली, तभी बच्चा गोद से नीचे उतरने की जिद करने लगा। उन्होंने बच्चे को गोद से उतारा, तभी वॉशिंग स्टेशन से कार बच्चे की ओर आती दिखी। उन्होंने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार बच्चे पर चढ़ा दी।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार शाम करीब चार बजे समयपुर बादली थाना पुलिस को राजा विहार बालाजी नर्सरी सिरसपुर रोड पर हादसे की जानकारी मिली। पुलिस को पता चला कि परिवार वाले घायल बच्चे को पास के अस्पताल लेकर गए हैं। पूछताछ में पता चला कि बच्चा अपनी मां के साथ सड़क किनारे खड़ा था, इसी दौरान टाटा हैरियर कार ने उसे कुचल दिया।
पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर सेक्टर-18 रोहिणी निवासी कार चालक समर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पूनम ने बताया कि उसके पति तीन साल से दिल्ली में मजदूरी कर रहे हैं। उनका बड़ा बेटा दिव्यांग है। वह बेटे के इलाज के लिए एक साल पहले बच्चों के साथ सीतामढ़ी बिहार से दिल्ली आई थी। बेटे का इलाज एम्स में चल रहा है।