फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   UP Former cm Kalyan Singh dies Crowd gathered for the last glimpse of Kalyan Singh PM Modi, Rajnath Singh, JP Nadda Chief Minister Yogi Adityanath

यूपी: अलीगढ़ में कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन को उमड़ा सैलाब, 'जय श्रीराम' और 'बाबूजी अमर रहे' के नारों से गूंजा स्टेडियम

Sun, 22 Aug 2021 08:58 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: शाहरुख खान Updated Sun, 22 Aug 2021 08:58 PM IST
सार

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार की शाम को अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में पहुंच गया। यहां कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर आम जनता के दर्शन के लिए रखा गया है। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार शाम बुलंदशहर के नरौरा में गंगा नदी के तक तट पर किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्र सरकार के कई मंत्री, भाजपा शासित प्रदेशों की सरकारों के मुख्यमंत्री, पार्टी के पदाधिकारी और हजारों समर्थक मौजूद रहेंगे।

विज्ञापन
UP Former cm Kalyan Singh dies Crowd gathered for the last glimpse of Kalyan Singh PM Modi, Rajnath Singh, JP Nadda Chief Minister Yogi Adityanath
अलीगढ़ पहुंचा कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए रामघाट रोड स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान जनता अपने चहेते नेता के अंतिम दर्शन के लिए आतुर रही और काफी देर तक धक्का मुक्की होती रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित अन्य नेताओं ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। स्टेडियम कल्याण सिंह अमर रहे के नारों से गूंज उठा।
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री एवं राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को रविवार शाम को एयर एंबुलेंस से धनीपुर एयरपोर्ट पर लाया गया। अन्य दो स्टेट प्लेन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया, पौत्र संदीप सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे। 
विज्ञापन


कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को फूल मालाओं से सजे वाहन में अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम में लाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शव वाहन के पीछे की गाड़ी में चल रहे थे। शाम करीब 5:50 बजे पार्थिव शरीर स्टेडियम में पहुंचा। वाटर प्रूफ पंडाल में पार्थिव शरीर को रखने का इंतजाम किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पार्थिव शरीर पहुंचते ही लोग जब तक सूरज चांद रहेगा, कल्याण सिंह का नाम रहेगा, कल्याण सिंह अमर रहे एवं जय श्रीराम के नारे लगे। रास्ते में भी शव वाहन पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर चहेते नेता को अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे रहे थे। 
उन्होंने सबसे पहले कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सोमवार सुबह 9:30 बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम से पूर्व मुख्यमंत्री की शवयात्रा उनके पैतृक गांव मढ़ौली होती हुई बुलंदशहर जनपद के नरौरा घाट पर जाएगी, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित तमाम राभक्तों ने राममंदिर आंदोलन के अग्रज रहे राम भक्त प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें लखनऊ से अंतिम विदाई दी। 

कल्याण सिंह के पौत्र एवं राज्यमंत्री संदीप सिंह के मॉल एवेन्यू स्थित आवास पर रविवार को कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने पहुंचे देश व प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने रामधुनी के बीच नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

विधानसभा में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधानसभा के कर्मचारी-अधिकारियों ने अपने पूर्व नेता सदन को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सहित तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ रविवार सुबह 11.15 बजे कल्याण सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे। प्रधानमंत्री और नड्डा ने उनकी देह पर पुष्प चक्र अर्पित किए। मोदी और नड्डा ने प्रभु श्रीराम से उनकी आत्मा को शांति और शोक संतृप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
 

मोदी और नड्डा ने सीएम योगी की मौजूदगी में कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजबीर सिंह और पौत्र संदीप सिंह एवं परिवारजनों से बातचीत कर अपनी संवेदना व्यक्त की। इससे पहले आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, विधान परिषद सभापति मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा ने भी उनकी देह पर पुष्प चक्र  और पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। करीब 12.30 बजे कल्याण सिंह की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए विधानसभा में लाया गया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर भाजपा प्रदेश मुख्यालय लेकर जाया गया। 

भाजपा के झंडे में ही लिपट कर गए कल्याण सिंह
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की इच्छा रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पूरी हो गई। राजधानी लखनऊ में करीब पांच दशक से अधिक समय तक राजनीतिक सफर पूरा करने के बाद चिर निद्रा में लीन कल्याण सिंह जब लखनऊ से अंतिम विदाई ले रहे थे तब उनकी देह पर भाजपा का झंडा था।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने एक नहीं कई बार कहा था कि आरएसएस और भाजपा के संस्कार उनके रक्त की बूंद-बूंद में समाए हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी इच्छा है कि मेरी इच्छा है कि जीवनभर भाजपा में रहूं और जीवन का अंत हो तो उनका शव भी भाजपा के झंडे में लिपटकर जाए। रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में जब प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल उनकी देह पर झंडा लपेट रहे थे तब बाबूजी के वह कथन याद कर कई कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो गई।

इस दौरान बिहार के राज्यपाल फागू सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, बीएल वर्मा, कौशल किशोर व वित्त मंत्री सुरेश खन्ना समेत अन्य मंत्रियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा कार्यालय के बाद उनकी पार्थिव देह को हेलीकॉप्टर के जरिये अलीगढ़ ले जाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ ही गए। इस मौके पर समर्थकों ने जयश्रीराम के खूब नारे लगाए और जब कल्याण की देह को वहां से उठाया गया तब भी कल्याण सिंह अमर रहें के साथ जयश्री राम के नारे बुलंद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed