नूरपुर (कांगड़ा)। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू कि गए नशा मुक्त अभियान के तहत अब नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस जिला देहरा की ओर से रविवार को चार नशा तस्करी के आरोपियों को नजरबंद किया गया था और सोमवार को पुलिस जिला नूरपुर ने भी दो आरोपियों को तीन माह के लिए नजरबंद कर जिला कारागार धर्मशाला में रखा है। नूरपुर पुलिस की ओर से नजरबंद किए गए एक आरोपी पर छह, जबकि दूसरे के खिलाफ दो मामले एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हैं। आरोपी जेल से छूटने के बाद भी नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त पाए जा रहे थे।
पुलिस जिला नूरपुर की ओर से पुनीत महाजन उर्फ चिम्पु निवासी गांव बासा, डाकघर राजा का बाग और सिकंदर उर्फ निम्मा निवासी गांव तोकी डाकघर छन्नी तहसील इंदौरा को नजरबंद किया गया है। आरोपियों को नजरबंद करने के लिए मुख्य सचिव से मंजूरी मिलने के बाद हिरासत में लेकर जिला कारागार धर्मशाला में भेज दिया है। पुनीत महाजन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत छह और सिकंदर के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी क्षेत्र में बार-बार एनडीपीएस एक्ट में दर्ज मामलों में संलिप्त पाए गए हैं। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को तीन माह के लिए जिला कारागार धर्मशाला में बंद किया गया है। जिला पुलिस नूरपुर का नशे का धंधा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी जीरो टालरेंस का अभियान जारी रहेगा।