ग्रेटर नोएडा। फरीदाबाद निवासी मां-बेटी फीस जमा करने नॉलेज पार्क क्षेत्र में आई थीं, लेकिन उनका पर्स ऑटो में ही छूट गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो चालक को ढूंढ निकाला और 35 हजार रुपये से भरा पर्स मां-बेटी को सौंप दिया। पुलिसकर्मियों के इस कार्य की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-7, फरीदाबाद निवासी चंदना रानी शुक्रवार को मां के साथ बहन की फीस जमा करने नॉलेज पार्क आई थीं। उन्होंने मेट्रो कॉलेज, नॉलेज पार्क-3 में फीस जमा करानी थी, लेकिन पर्स ऑटो में ही छूट गया। इसकी सूचना नॉलेज पार्क थाने की अंसल प्लाजा पुलिस चौकी पर दी गई।
चौकी प्रभारी शरद यादव, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार व कांस्टेबल संदीप सिंह ने सीसीटीवी कैमरों की सहायता से ऑटो की तलाश शुरू की। कड़े प्रयास के बाद पुलिसकर्मियों ने ऑटो ढूंढ निकाला। जांच में पता चला कि पर्स ऑटो में पीछे की सीट पर ही रखा था। ऑटो चालक को भी पर्स की जानकारी नहीं थी। पर्स में 35 हजार रुपये व अन्य सामान था। पर्स मिलने के बाद मां-बेटी ने पुलिस को धन्यवाद दिया।