नोएडा: पत्नी को मारपीट कर घर से घसीट कर किया बाहर, वीडियो वायरल
आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर ससुराल पक्ष के लोग महिला की पिटाई करते हैं। पीड़ित पक्ष ने अलीगढ़ में पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया है। मामला विचाराधीन है।
विस्तार
नोएडा सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के एक सोसाइटी में पिटाई के बाद खींचकर पत्नी को फ्लैट से निकालने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि युवक ने मां के साथ मिलकर पहले पत्नी से पिटाई की बाद में उसे जबरन खींचकर घर से बाहर निकाल दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय चाहर ने बताया कि वीडियो सेक्टर-45 की ईस्ट सफायर सोसाइटी का है। आरोपी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पति ने भी पत्नी पर उसकी मां के साथ पिटाई करने का आरोप लगाया है।
मूलरूप से अलीगढ़ निवासी अंजली की शादी चार वर्ष पहले मथुरा के हरेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उस पर अतिरिक्त दहेज का दबाव बना रहे हैं। अंजली के पिता नहीं है, ऐसे में वह ससुराल पक्ष की मांग पूरी करने में असमर्थता जताती रही।
आरोप है कि दहेज नहीं मिलने पर ससुराल पक्ष के लोग महिला की पिटाई करते हैं। पीड़ित पक्ष ने अलीगढ़ में पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस भी दर्ज कराया है। मामला विचाराधीन है।
पुलिस को दी शिकायत में अंजली ने बताया कि बीते दिनों वह मथुरा स्थित ससुराल से अपने कपड़े लेने के लिए गई थी, वहां सास और तीन चार लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, हालांकि बाद में मामला निपट गया और पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने समझौता कराया।
पति ने उसे नोएडा स्थित फ्लैट पर रखने पर सहमति जताई। आरोप है कि बृहस्पतिवार को उसकी सास भी वहां आ गई। इसके बाद पति और सास ने मिलकर अंजली की पिटाई और जबरन खींचकर फ्लैट से बाहर निकालकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।