तावडू। शहर के वार्ड नंबर-11 स्थित हनुमान मंदिर वाली गली में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवर लाइन डालने में बरती गई लापरवाही से लोगों के मकानों में दरारें आ गई हैं। वहीं, लंबे समय से पेयजल लाइन में हो रही लीकेज की समस्या को शिकायत के बावजूद सही नहीं कराया गया है।
राकेश, अंकित, रमेश कुमार, प्रेम पंडित आदि ने बताया कि शहर में सीवर लाइन डालने के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई की गई थी। इसमें जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा लापरवाही बरती गई। शहर की संकरी गली में जेसीबी मशीन से खुदाई के दौरान उनके मकानों में दरारें आ गई हैं। इस संबंध में उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक किसी ने सुध नहीं ली। लोगों का कहना है कि कोरोना महामारी में लोगों के काम-धंधे चौपट पड़े हैं। अब जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण उनके आशियानों में हुए नुकसान ने उन पर आर्थिक बोझ और बढ़ा दिया है। गली में सीवर लाइन ही गलत तरीके से डाली गई है। इसके बाद पेयजल लाइन में लीकेज से उनके मकान जर्जर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि यदि समय रहते समस्या का समाधान करा दिया जाता तो उनके मकानों में यह नुकसान नहीं होता। वहीं, इस बारे में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में आया है। संबंधित अधिकारियों को भेजकर इसकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।