दनकौर। जिले के सभी थानों में पुलिसकर्मियों के रहने के लिए हाईटेक हॉस्टल का निर्माण होगा। इसका जिम्मा लोक निर्माण विभाग को मिला है। इसके तहत सोमवार को लोक निर्माण विभाग के जेई एमके सिंह ने दनकौर कोतवाली परिसर का निरीक्षण कर पैमाइश की है। जेई के मुताबिक, करीब 3.50 करोड़ की लागत से 4 मंजिल का हॉस्टल निर्माण करने की रिपोर्ट तैयार की है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर 4 कक्ष का विवेचना कक्ष और अन्य तीन मंजिलों पर करीब 33 कक्ष का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही रिपोर्ट शासन को भी जाएगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। हॉस्टल वाईफाई समेत अन्य सुविधाओं से लैस होंगे।
जेई ने बताया कि पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने थानों में हॉस्टल बनवाने की मांग की थी। पुलिस कमिश्नर का कहना था कि कमिश्नरेट लागू होने के बाद से पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ गई है, लेकिन कोतवाली और थानों में रहने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसेे में पहले चरण में 11 थाने चिह्नित किए गए हैं। इनमें दनकौर, रबूपुरा, जेवर, बीटा-2, जारचा, सेक्टर-20, सेक्टर-58 और फेज-3 समेत 11 थानों में हॉस्टल निर्माण करने की मांग शासन से की थी। शासन ने संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग से सभी का निरीक्षण कर जगह और पैमाइश कर लागत आदि पर रिपोर्ट तैयार को कहा। दनकौर कोतवाली में हॉस्टल निर्माण के लिए जगह चिह्नित की गई है। जगह की पैमाइश कर करीब 3.5 करोड़ रुपये का बजट बिल्डिंग निर्माण के लिए तैयार किया गया है।