Alert: एनसीआर में जारी है भारी बारिश, दिल्ली में यलो अलर्ट, नोएडा-गाजियाबाद में आठवीं तक के स्कूल आज बंद
गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के जिला अधिकारी ने भारी बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिले में सभी बोर्ड के स्कूलों में कक्षा आठ तक के सभी विद्यार्थियों का अवकाश घोषित कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने सब कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया है। आलम यह है कि बृहस्पतिवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश हुई। एनसीआर में बारिश लगातार हो रही है। दिल्ली में शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है तो नोएडा-गाजियाबाद में कक्षा 8 तक से सभी स्कूल बंद किए गए हैं। गुरुग्राम में हालात भयावह हैं। साइबर सिटी में बिगड़े हालात को लेकर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार को जिले के सभी कॉर्पोरेट और निजी संस्थानों से कर्मचारियों को घर से काम कराने की सलाह दी है।
नोएडा और गाजियाबाद में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला में शुक्रवार को कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में अवकाश कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने गुरुवार देर शाम यह सूचना जारी की।
अधिसूचना के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर के जिला अधिकारी ने भारी बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए जिले में सभी बोर्ड के स्कूलों में कक्षा आठ तक के सभी विद्यार्थियों का अवकाश घोषित कर दिया है। अधिसूचना में प्रधानाचार्यों और अध्यापकों से अभिभावकों और विद्यार्थियों को सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
गाजियाबाद के डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दे दिए गए हैं। स्कूलों की बंदी के आदेश को सख्ती से लागू किया जाएगा।
दिल्ली-एनसीआर में आज के लिए यलो अलर्ट
मानसून जाते-जाते दिल्ली-एनसीआर को जमकर भिगो रहा है। यही वजह है कि बीते चार दिनों में ही इस माह का कोटा करीब 50 फीसदी पहुंच गया है। सामान्य तौर पर सितंबर में 108.5 मिमी बारिश होती है और अभी तक 58.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक 5.6 मिमी बारिश हुई व देर शाम तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। इस दौरान 31.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन दोपहर तक इसे ऑरेंज अलर्ट कर दिया गया। इस कड़ी में सुबह थोड़ी देर धूप निकलने के बाद आसमान में काले बादल छा गए और देर शाम तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा छा गया, जिसके बाद तेज बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश की वजह से लुढ़का अधिकतम पारा
लगातार बारिश की वजह से बृहस्पतिवार को दिन का पारा लुढ़क कर सामान्य से सात कम 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक 21.4 व ढाई बजे से लेकर शाम साढ़े पांच बजे तक 9.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। हवा में नमी का स्तर 87 से 100 फीसदी तक दर्ज किया गया। दिल्ली में अभी तक 410 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य तौर पर करीब 625.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जाती है।
बीते 24 घंटे में पालम में सबसे अधिक रिकॉर्ड की गई बारिश
राजधानी में बीते 24 घंटे में पालम इलाके में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। यहां शाम तक 56.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है। वहीं, आया नगर में 45.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लोधी रोड में 27.4 मिमी बारिश हुई है। पालम मानक केंद्र पर सामान्य तौर पर 565.1 मिमी बारिश होती है और अभी तक यहां 383 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। लोधी रोड में सामान्य तौर पर 625.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड होती है व अभी तक 414.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
आज भी हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, 27 सितंबर से बारिश का दौर थम सकता है और पारा चढ़ने की संभावना है।
बारिश की वजह से दिनभर परेशान रहे लोग
बारिश का दौर दिनभर जारी रहने की वजह से ऑफिस व अन्य कार्यों से बाहर निकले लोग परेशान रहे। दिल्ली के कुछ इलाकों में बीच-बीच में तेज बारिश तो कुछ इलाकों में हल्की बारिश होती रही। दोपहर बाद शुरू हुई बारिश का दौर रिमझिम फुहारों के साथ शाम तक जारी रहा। ऐसे में अपने गंतव्य तक पहुंचने के दौरान लोग भीगते नजर आए।
दिल्ली में अलग-अलग केंद्रों पर दर्ज बारिश
रिज- 16.8 मिमी
डीयू- 16.5 मिमी
जफरपुर- 18 मिमी
मुंगेशपुर- 01 मिमी
नजफगढ़- 29 मिमी
पूसा- 24.5 मिमी
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स- 10 मिमी
मयूर विहार- 25.5 मिमी
अधिकतम तापमान- 28 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 23 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 6:17 बजे
सूर्योदय का समय: 6:10 बजे