खुश न करने की सजा: सलीम ने नहीं काटे बिजलीवाले के बाल, गलत रीडिंग लेकर थमाया हजारों का बिल; बोल- अब भुगत नतीजा
विद्युत उपखंड अधिकारी अजय गुप्ता का कहना है की मामला संज्ञान में नहीं है। पीड़ित से बात करके जांच कर संविदाकर्मी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी और संचालक के बिल ठीक कराया जाएगा।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर कस्बे में पाटिया चौक पर स्थित एक सैलून संचालक ने बुधवार को बिजली उपकेंद्र पर तैनात एक संविदाकर्मी से बाल काटने के लिए मना कर दिया। संविदाकर्मी शुक्रवार को संचालक की दुकान पर पहुंचा और मीटर की रीडिंग लिए बिना ही हजारों रुपये का गलत बिल बना दिया। संचालक ने गलत बिल बनाने का कारण पूछा तो बाल नहीं काटने से नाराज होना बताया। संचालक ने इस मामले की शिकायत बिजली विभाग के आला अधिकारियों करने की बात कही है।
900 आता था बिल थमा गया 3000 का
चौक पर कस्बा निवासी सलीम एक दुकान में कई दशक से सैलून का काम करता है। उसने बताया कि दुकान पर पुराना बिजली कनेक्शन है और एक माह का बिजली बिल करीब 900 रुपये आता है। शुक्रवार को बिजली कर्मी ने बिना मीटर रीडिंग देखे करीब तीन हजार रुपये का बिल हाथ में थमा दिया और कहा कि यह बाल नहीं काटने का नतीजा है।
संचालक ने बताया कि गलत बिल निकालने की बात सुपरवाइजर को बताई तो उसने कहा कि बिल निकालने आने वाले कर्मियों की दुकान पर सेवा पानी नहीं करते हो, इसलिए बिल गलत निकला गया है।
वहीं, विद्युत उपखंड अधिकारी अजय गुप्ता का कहना है की मामला संज्ञान में नहीं है। पीड़ित से बात करके जांच कर संविदाकर्मी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी और संचालक के बिल ठीक कराया जाएगा।