नूंह। खंड के गांव घासेड़ा में डिपो होल्डर पर राशनकार्डों में दूसरे लोगों के नाम जोड़कर राशन लेने का आरोप लगा है। इस मामले में मंगलवार को गांव के दर्जनों लोगों ने जिला सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त शक्ति सिंह से जांच करवाने की मांग की है।
उपायुक्त को दी शिकायत में ग्रामीण वसीम अकरम ने बताया कि उनका राशन कार्ड उनकी पत्नी वसीमा के नाम से है। उनके परिवार में कुल तीन सदस्य हैं, लेकिन डिपो होल्डर असलम ने उनके राशन कार्ड में 6 अन्य लोगों के नाम जुड़वा दिए हैं। इसी तरह गांव के सब्बीर, मजीद, नूरू, आसीन ने बताया कि उनके राशन कार्ड में भी डिपो होल्डर द्वारा बाहरी लोगों के नामों को जोड़ा गया है, जबकि वह उन लोगों को जानते नहीं हैं। सरकार द्वारा बीते अप्रैल माह से गरीबों को दोगुना राशन दिया जा रहा है। लेकिन, उनको गांव में सिंगल भी पूरा राशन नहीं मिल रहा है। ऐसे में डिपो होल्डर द्वारा सरकार को सीधे तौर पर चूना लगाया जा रहा है। यह खेल वर्षों से चला आ रहा है। इस बारे में उन्होंने डिपो होल्डर से कहा तो उसने धमकाकर भगा दिया। उन्होंने शिकायत में बताया कि डिपो होल्डर द्वारा यह खेल विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से किया जा रहा है। गांव के डिपो होल्डर जकरिया, अताउल्ला व मुबीन पर भी इस तरह से राशनकार्डों में दूसरे लोगों के नामों को जोड़ने का आरोप है। उन्होंने अपने गांव के साथ जिले के अन्य गांवों में भी इस तरह से की जा रही धांधली की जांच कराने की मांग की। वहीं, इस बारे में उपायुक्त शक्ति सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर डिपो होल्डर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भ्रष्ट डिपो होल्डरों को बख्शा नहीं जाएगा।