नोएडा। ऑनलाइन बुकिंग कर देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। पुलिस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गाजियाबाद निवासी राजेश के रूप में हुई है। उसके पास से एक बाइक, मोबाइल और 3310 रुपये बरामद किए गए हैं।
डीसीपी महिला सुरक्षा वृंदा शुक्ला ने बताया कि सोमवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने राजेश को सेक्टर-23 में एक गेस्ट हाउस के बाहर से गिरफ्तार किया। आरोपी फिलहाल कासना, ग्रेटर नोएडा में रहता है। डीसीपी महिला सुरक्षा ने बताया कि आरोपी युवतियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराता था साथ ही पैसों का प्रलोभन देकर गेस्ट हाउस, घर, कोठियों आदि में भेजता था। आरोपी सोशल मीडिया और व्हाट्स एप के माध्यम से लोगों से संपर्क कर उन्हें युवतियों की तस्वीरें भेजता था। पैसे लेने के बाद वह बताए गए घर, गेस्ट हाउस या अन्य जगहों पर युवतियों को भेजता है। सोमवार को वह दो युवतियों को सेक्टर-23 गेस्ट हाउस ले जा रहा था। तभी पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने दोनों युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।