{"_id":"6afd6d4393b44ae9510e4c83","slug":"body-of-a-missing-youth-was-found-in-sector-82-within-the-jurisdiction-of-the-phase-2-police-station-in-noida-2026-11-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"नोएडा: दो दिन से लापता युवक का पुस्ते के नीचे मिला क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका; एक आंख गायब, हाथ टूटा मिला","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नोएडा: दो दिन से लापता युवक का पुस्ते के नीचे मिला क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका; एक आंख गायब, हाथ टूटा मिला
Wed, 18 Nov 2026 02:48 PM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Wed, 18 Nov 2026 02:48 PM IST
सार
हसीन (21) हापुड़ के बझेड़ा कलां गांव का रहने वाला था। 12 नवंबर को वह नोएडा फेज-2 स्थित एक कंपनी में नौकरी की तलाश में आया था। अगले दिन उसने निजी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी।
विज्ञापन
हसीन का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र के सेक्टर-82 में बुधवार सुबह दो दिन से लापता 21 वर्षीय युवक का शव पुस्ते के नीचे क्षत-विक्षत हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हापुड़ निवासी हसीन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि युवक की एक आंख गायब थी और उसका एक हाथ टूटा हुआ था। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
सेक्टर-80 के ककराला गांव में रहने वाले मोहम्मद शादाब ने बताया कि हसीन (21) उनका रिश्ते में साला लगता था। वह हापुड़ के बझेड़ा कलां गांव का रहने वाला था। 12 नवंबर को वह नोएडा फेज-2 स्थित एक कंपनी में नौकरी की तलाश में आया था। अगले दिन उसने निजी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी। इसके बाद से वह अपने मामा के कमरे पर रह रहा था।
विज्ञापन
शादाब के मुताबिक, 15 नवंबर की शाम करीब छह बजे हसीन ड्यूटी से कमरे पर लौटा था। कुछ देर बाद वह कहीं बाहर चला गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया। परिजनों ने उसकी आसपास और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद अगले दिन उसके भाई और अन्य परिजनों ने थाना फेज-2 पुलिस को गुमशुदगी की लिखित शिकायत दी थी।
विज्ञापन
बुधवार सुबह शादाब को गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर पुस्ते के नीचे युवक का शव मिलने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो हसीन का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। परिजनों के अनुसार, उसकी एक आंख गायब थी और चेहरा खून से सना हुआ था। वहीं, उसका एक हाथ भी टूटा हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
