पुन्हाना। गांव जाख में ग्रामीणों ने नालियों के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत से लोकनिर्माण विभाग द्वारा घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर सड़क किनारे नालियों का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इब्राहिम, सद्दीक, जुबैर, अय्यूब, अरशद और आबिद आदि ग्रामीणों ने बताया कि लोकनिर्माण विभाग ने करीब दो माह पहले ही पिनगवां से लुहिंगाकलां तक सड़क का निर्माण करवाया था। अब लोकनिर्माण विभाग गांवों से गुजर रही सड़क के साथ-साथ नालियों का निर्माण कार्य करा रहा है। इनके गांव जाख में भी नालियों का निर्माण हो रहा है। आरोप है कि गांव में जो नालियां बनाई जा रही हैं, उनमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। अधिकारियाें की मिलीभगत से बनाई जा रही नालियां कुछ दिन बाद ही टूटकर खराब हो जाएंगी। इस कारण ग्रामीणों को फिर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। लोगों का कहना कि उन्होंने कई बार ठेकेदार से अच्छी सामग्री इस्तेमाल करने की गुहार लगाई है, लेकिन ऐसा करने से साफ मना कर दिया है। गांव के लोगों ने जिला उपायुक्त और मुख्यमंत्री से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य की जांच कराकर अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ जांच की जाए।