10 वर्षों से अवैध तरीके से गनर रखने वाले की कार पर थी फर्जी नंबर प्लेट और संसद का स्टीकर, गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा थाना सेक्टर-49 पुलिस ने 10 वर्षों से फर्जी तरीके से गनर रखने के आरोप में अजय यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक फॉर्च्यूनर भी बरामद की है। इस पर पार्लियामेंट-2019 के स्टीकर के साथ फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, पिछले दिनों एक महिला ने जनता दरबार के दौरान अजय यादव नाम के युवक के खिलाफ एसएसपी वैभव कृष्ण से शिकायत की थी। एसएसपी ने सीओ तृतीय विमल कुमार सिंह को मामले की जांच का आदेश दिया था।
जांच में पाया गया कि सर्फाबाद निवासी अजय यादव ने फर्जी तरीके से गत 10 वर्षों से गनर ले रखा है। जांच में यह भी पता चला कि अजय ने अपनी फॉर्च्यूनर पर भी गलत तरीके से पार्लियामेंट 2019 का स्टीकर चिपकाया हुआ है।
साथ ही गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगा रखी है। सीओ ने जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी। एसएसपी के आदेश पर सोमवार को थाना सेक्टर-49 पुलिस ने अजय यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बाद में पुलिस ने अजय के भाई अरुण और अमित के साथ हरेंद्र ठाकुर व पूरन यादव के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। ये चारों अभी फरार हैं, पुलिस इनकी तलाश कर रही है।