एनसीआर में बढ़ी सर्दी, घने कोहरे के आसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ठिठुराने वाली ठंड ने शनिवार को दस्तक दे दी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत पर्वतीय इलाकों में जहां बर्फबारी हुई, वहीं दिल्ली और नोएडा समेत एनसीआर में बारिश ने मौसम ठंडा कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी बारिश के आसार हैं। मंगलवार को घना कोहरा छा सकता है। शनिवार को दिनभर धूप नहीं निकली। सुबह से ही ठंड रही, जो हल्की बारिश के बाद ठिठुरन में बदल गई।
अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में कहीं कहीं पर बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिक बी.पी. यादव ने बताया कि रविवार को भी न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। सोमवार से न्यूनतम तापमान गिरने लगेगा, जिससे रात में सर्दी बढ़ जाएगी। उन्होंने बताया कि वातावरण में नमी बनी हुई है। यदि हवाएं नहीं चलीं तो मंगलवार से एनसीआर में घना कोहरा छा सकता है।
ठंड की दस्तक से गुलजार बाजार, सबसे ठंडा दिन
राजधानी में पहली ठंड और छुट्टी का दिन दिल्लीवासियों केलिए घूमने-फिरने के नाम रहा। कनॉट प्लेस और इंडिया गेट में युवाओं और फैमिली की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। वहीं, बाजार भी ऊनी कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ से गुलजार हो गए।
दिल्ली में शुक्रवार देर रात मौसम ने करवट बदली और सर्दी की पहली दस्तक दे दी। लोगों ने भी ठंड की दस्तक के साथ स्वेटर, जैकेट, लॉग कोट, कैप, गरम जूते निकाल लिए हैं। शनिवार को छुट्टी का दिन होने केचलते कनॉट प्लेस और इंडिया गेट दर्शकों की भीड़ से गुलजार रहे। कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में बच्चों संग पैरेंट्स और दोस्तों के ग्रुप के बीच मौसम का लुत्फ लिया। वहीं, इंडिया गेट पर लोगों ने ठंडे मौसम का सबसे अधिक आनंद उठाया। यहां दर्शक ठंड के बीच आइसक्रीम और चाय की चुस्कियों लेते दिखे।
ऊनी कपड़ों से अटे बाजार
बेशक दिसंबर का दूसरा हफ्ता खत्म होने वाला है, लेकिन मौसम सामान्य रहने के चलते अभी तक बाजारों में ऊनी कपड़ों की सेल में इजाफा नहीं हुआ था। पहली ठंड के साथ ही करोल बाग, सीपी, जनपथ, सरोजनी नगर, लाजपत नगर, कमला नगर आदि बड़े बाजार दुकानों से लेकर रेहड़ी-फड़ी तक ऊनी कपड़ों से भर गए। देसी-विदेशी ब्रांड की दुकानों में छूट के बोर्ड टंग गए और कस्टमर के मोबाइल पर डिस्काउंट ऑफर भी। कई ब्रांड तो छह हजार की शापिंग पर डेढ़ हजार तो कई दो की खरीद पर एक आइटम फ्री दे रहे हैं। इसके अलावा कई अन्य 50-60 फीसदी तक छूट दे रहे हैं।