छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने फांसी लगाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के नारायणा इलाके में छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने बृहस्पतिवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से बरामद सुइसाइड नोट में उसने खुदकुशी के लिए पड़ोस में रहने वाले युवक, उसके दोस्त और युवक के पिता को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी युवक गत 18 नवंबर से न्यायिक हिरासत में है।
जबकि दो अन्य नामजद आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि लोहा मंडी के वाई ब्लॉक में 12वीं की छात्रा वाली प्रीति चौरसिया (18) ने फांसी लगाकर जान दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया।
पुलिस को छात्रा के पास से एक सुइसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने खुदकुशी के लिए पड़ोस में रहने वाले सुभाष, उसके दोस्त अनिल और सुभाष के पिता रामकिशोर यादव को जिम्मेदार ठहराया। उसने सुभाष पर छेड़छाड़ करने और अनिल और रामकिशोर यादव पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि प्रीति के पिता भोलानाथ चौरसिया फैक्ट्री में काम करते हैं। वह, पूसा रोड स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में पढ़ती थी। तीन भाई बहनों में प्रीति सबसे बड़ी थी।
छेड़छाड़ की वजह से स्कूल नहीं जा रही थी छात्रा
प्रीति के परिजनों ने बताया कि वह पढ़ने में काफी तेज थी लेकिन छेड़छाड़ घटना की वजह से उसने स्कूल जाना बंद कर दिया था। प्रिंसिपल के काफी समझाने पर उसने दोबारा स्कूल जाना शुरू कर दिया।
लेकिन उसके साथ छेड़छाड़ जारी रही। गत 18 नवंबर को सुभाष, प्रीति के घर आकर उसके साथ बदसलूकी की। सौ नंबर पर शिकायत करने के बाद पुलिस ने आरोपी सुभाष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुभाष अभी न्यायिक हिरासत में है।
परिवार के मुताबिक सुभाष के जेल जाने के बाद उसके दोस्त और परिवार वाले उसे फोन पर धमकी दे रहे थे। बृहस्पतिवार को परीक्षा होने की वजह से वह स्कूल गई थी। आरोप है कि वापस आने के दौरान सुभाष के दोस्त अनिल और सुभाष के पिता ने उसे रोक लिया और उसकी बेइज्जती की। इस गहरे सदमे से वह उबर नहीं पाई और मौत को गले लगा लिया।
सुइसाइड नोट में बयान किया दर्द
प्रीति ने अपने सुइसाइड नोट में लिखा है ‘मैं अपने पूरे होश में यह बयान लिख रही हूं कि मेरा नाम प्रीति है। मैं भोलानाथ जी की पुत्री हूं। मैं अपनी जान केवल सुभाष, उसके दोस्त अनिल व उसके पापा रामकिशोर यादव के कारण दे रही हूं।
इन लोगों ने मुझे जान देने पर बहुत ही मेंटली फोर्स किया है। इन्होंने मुझे बाजार में खड़ा कर मेरी बेइज्जत की। इन सभी कारणों से मैं अपनी जान देने को मजबूर हूं। सॉरी मम्मी पापा मैं आपके सपनों को पूरा नहीं कर सकी।’
आरोपी युवक शादी करने का बना रहा था दबाव
परिजनों ने बताया कि पेशे से ट्रक ड्राइवर सुभाष, प्रीति पर शादी करने का दबाव बना रहा था। प्रीति के विरोध करने पर वह उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा और फिर जान से मारने की धमकी भी देता था। प्रीति इस वजह से इतना डर गई थी कि वह स्कूल जाना छोड़ दिया था।