Ghaziabad: जिला बदर रहे बदमाश की गोलियों से भूनकर हत्या, बर्थ-डे पार्टी में पड़ोस की महिला से हुआ था विवाद
मृतक के सिर और सीने से सटा कर गोली मारी गई है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एक नामजद महिला व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद के मोदीनगर की इंद्रापुरी कॉलोनी में रविवार देर रात जन्मदिन पार्टी में हुए विवाद में जिला बदर रहे बदमाश की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बदमाश के सिर और सीने से सटा कर गोली मारी गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एक नामजद महिला व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक पर आठ से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
नगर की इंद्रापुरी कॉलोनी निवासी दीपक पासी (32) अपनी पत्नी प्रीति व एक बेटे के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार दीपक पर विभिन्न धाराओं में आठ से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह जिला बदर चल रहा था। करीब एक माह पूर्व ही दीपक क्षेत्र में लौटा था। दीपक अपने घर पर ही होटल संचालन करता था।
रविवार रात दीपक पासी कॉलोनी में ही अपने दोस्त दीपू और प्रवीण की जनमदिन पार्टी में शामिल था। बताया गया कि देर रात पड़ोस में रहने वाली मोनिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसमें जमकर पत्थरबाजी हुई। पथराव में कई लोग चोटिल हो गए। तब किसी तरह मामला शांत हो गया। आरोप है कि बाद में मोनिका ने दीपक को फोन कर बुलाया। दीपक के वहां पहुंचते ही मोनिका के साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उन्होंने दीपक को घेरकर उसकी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीपक के सिर व सीने में गोलियों लगी हैं। पुलिस को मौके से पिस्टल की गोलियों के कई खोखे बरामद हुए।
सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई राजू पासी की तहरीर पर मोनिका व अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। कई बिंदुओं पर मामले की जांच चल रही है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।