MCD Mayor: मेयर-स्थायी समिति अध्यक्ष पद की दावेदारी में जुटे आप पार्षद, भाजपा में भी मंथन जारी
एमसीडी में आम आदमी पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है और भाजपा जीत के आंकड़े से कुछ पीछे है। एमसीडी ने बुधवार को महापौर, उपमहापौर व स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एमसीडी के महापौर, उपमहापौर व सदन से स्थायी समिति के चुने जाने वाले छह सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी करने के बाद आप व भाजपा में बैठकों व चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं, शीर्ष पदों के लिए आप के पार्षद अपनी दावेदारी जताने में जुट गए है।
हालांकि, इस मामले में भाजपा के पार्षद शांत हैं। दरअसल एमसीडी में आम आदमी पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है और भाजपा जीत के आंकड़े से कुछ पीछे है। एमसीडी ने बुधवार को महापौर, उपमहापौर व स्थायी समिति के छह सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व मंत्री गोपाल राय से प्रदेश स्तर कई नेताओं ने इन पदों के लिए पार्षदों के नाम तय करने पर चर्चा की।
ये नेता अपने करीबी पार्षदोें को एमसीडी में महत्वपूर्ण पद दिलवाने में लगे हुए है। दरअसल, इन नेताओं के करीबी पार्षद लगातार दस्तक दे रहे है। बताया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल एमसीडी में अपने विश्वास पात्र पार्षदों को पद देने की सोच रहे है।
आप ने नामांकन पत्र भरने की तैयारी की
आप ने महापौर व उपमहापौर पद और स्थायी समिति के सदस्यों के नामांकन पत्र भरने की कवायद आरंभ कर दी है। पार्टी ने बृहस्पतिवार को एमसीडी ने इन पदों के नामांकन प्राप्त किए। एक महिला पार्षद का पति भी महापौर पद का नामांकन पत्र लेकर गए हैं।
भाजपा में भी मंथन जारी
भाजपा में महापौर व उपमहापौर पद पर उम्मीदवार उतारने के मामले में गंभीरता से विचार हो रहा है। दरअसल, भाजपा के पास बहुमत नहीं है, लेकिन मुख्य विपक्षी दल होने के कारण उसके कंधों पर आम आदमी पार्टी को चुनौती देने की जिम्मेदारी है। इस कारण वह महापौर व उपमहापौर पद पर उम्मीदवार उतार सकती है। वह इन पदों पर ऐसे पार्षदों पर दांव लगाने पर विचार कर रही है जिनके मैदान में उतरने से आम आदमी पार्टी में खलबली मच जाए। उधर भाजपा के पार्षद स्थायी समिति के सदस्य व पार्षद दल का नेता बनने के लिए अपने आकाओं के पास जा रहे है।