MCD Election Result 2022: जहां रहते हैं सीएम अरविंद केजरीवाल, जानिए उस वार्ड में किसने हासिल की जीत
दिल्ली नगर निगम के चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले वार्ड 74 सीट पर आम आदमी पार्टी से पुनर्दीप सिंह, बीजेपी से रविंद्र सिंह और कांग्रेस से राहुल शर्मा चुनाव मैदान में थे।
विस्तार
दिल्ली नगर निगम के नतीजे सबके सामने हैं। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस समेत तमाम पार्टियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र में आने वाला चांदनी चौक चर्चित इलाकों में शामिल रहा।
यहां के वार्ड नंबर 74 से अरविंद केजरीवाल मतदाता हैं। चांदनी चौक की इस सीट पर आम आदमी पार्टी से पुनर्दीप सिंह, भाजपा से रविंद्र सिंह और कांग्रेस से राहुल शर्मा चुनाव मैदान में थे। इस सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पुनर्दीप सिंह ने जीत हासिल की है।
आप की सबसे कम उम्र की प्रत्याशी ने भाजपा उम्मीदवार को हराया
रोहतास नगर विधानसभा से बीजेपी के गढ़ में आप ने सेंध लगाई है। आम आदमी पार्टी की रोहतास नगर के सबसे कम उम्र की शिवानी पांचाल (24) ने जीत दर्ज की है। शिवानी डीटीयू से पीजी कर रहीं। इसके अलावा वह यूपीएससी की तैयारी कर रहीं। शिवानी ने पूरा चुनाव शिक्षा पर लड़ा है। भाजपा की मौजूदा पार्षद शुमनलता नागर को शिवानी ने हराया है। शिवानी के पिता की छह महीने पहले ही मौत हो गई थी। शिवानी चार भाई बहनों में सबसे छोटी है।
बता दें कि पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में अधिक सफलता नहीं प्राप्त करने वाली भाजपा का नगर निगम के चुनाव में दबदबा रहा है। निगम के अब तक हुए 11 चुनावों में से सात बार भाजपा (जनसंघ व जनता पार्टी) ने जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस तीन बार जीतने में सफल रही।
वहीं, निगम के पहले चुनाव में वर्ष 1958 के दौरान किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला था। आम आदमी पार्टी दूसरी बार नगर निगम चुनाव लड़ रही है। वर्ष 2017 में उसे पहले चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा था। अब इस बार भाजपा दबदबा बरकरार रखेगी या फिर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस उसे रोक पाएंगे इसका खुलासा आज हो जाएगा।